Satna news: रामपुर चौरासी के सरकारी विद्यालय के पुनर्निर्माण की मांग

रामपुर चौरासी के सरकारी विद्यालय के पुनर्निर्माण की मांग
70 साल पुराना जर्जर स्कूल भवन

डिजिटल न्यूज़ सतना

ग्राम पंचायत रामपुर चौरासी के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के जर्जर भवन को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस को ज्ञापन सौंपकर तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था और नए भवन के निर्माण की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि करीब 70 साल पुराने भवन की हालत पहले से ही खराब थी। हाल में हुई अतिवृष्टि के बाद भवन में जलभराव की स्थिति बन रही है। ऐसे में जर्जर भवन में बच्चों को बैठाकर पढ़ाना उनकी सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है। ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल भवन के निर्माण के लिए वर्षों पहले गांव के कुछ लोगों ने अपनी निजी जमीन दी थी। वर्तमान में भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। भवन की स्थिति को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर अनदेखी का आरोप लगाया है।

सुविधाओं का भी अभाव

ग्रामीणों के अनुसार स्कूल में बालक-बालिकाओं के लिए पर्याप्त शौचालय, शुद्ध पेयजल, कम्प्यूटर लैब, पुस्तकालय और बेहतर रसोई जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। भवन की खराब स्थिति के कारण बड़ी संख्या में बच्चे निजी स्कूलों या सतना के सरकारी स्कूलों में दाखिला लेने को मजबूर हैं। इससे विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या भी घट गई है।

सुविधाएं मिले तो बढ़ेगी बच्चों की संख्या

ग्रामीणों का दावा है कि नया और सर्वसुविधायुक्त भवन बनने पर विद्यार्थियों की संख्या एक हजार से अधिक हो सकती है। स्कूल में रामपुर चौरासी के अलावा सगमा, कुशियारा, भाद और चनपुरवा सहित आसपास की पंचायतों के बच्चे भी पढऩे आते हैं। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि एक सप्ताह में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो 22 सितंबर को बच्चे और ग्रामीण कलेक्ट्रेट परिसर में धरना देंगे।

Created On :   12 Sept 2026 4:13 PM IST

Tags

Next Story