Satna News: युवती से दुष्कर्म का आरोपी 6 माह बाद गिरफ्तार

युवती से दुष्कर्म का आरोपी 6 माह बाद गिरफ्तार
6 महीने बाद मुखबिर की सूचना पर रामपुर क्षेत्र में दबिश देते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया

डिजिटल डेस्क,सतना। नागौद पुलिस ने युवती को अगवा कर दैहिक शोषण करने के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। टीआई अशोक पांडेय ने बताया कि थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती 3 नवंबर 2025 को रहस्यमय ढंग से लापता हो गई, जिसके परिजन की शिकायत पर गुमशुदगी दर्ज कर खोजबीन प्रारंभ की गई और 12 दिन बाद मुंबई से खोज निकाला गया।

पीड़िता के बयान पर कायमी

तब युवती ने पुलिस को दिए बयान में खुलासा किया कि उसकी जान-पहचान वर्ष 2025 में इंदौर आने-जाने के दौरान अमर पुत्र पुरुषोत्तम त्रिपाठी 21 वर्ष, निवासी मझियार, थाना रामपुर बाघेलान से हो गई थी। दोनों के बीच काफी समय तक बातचीत का सिलसिला चलता रहा, फिर 28 अक्टूबर को आरोपी अमर मिलने के बहाने उसके गांव पहुंचा और सुनसान जगह पर बुलाकर शादी का वादा करते हुए शारीरिक संबंध बना लिया। इसके बाद भी उनके बीच संपर्क बना रहा।

मैहर से पुणे और फिर ले गया मुंबई

3 नवंबर को आरोपी उसे अपने साथ भगाकर पहले मैहर, फिर टे्रन से पुणे और आखिर में मुंबई ले गया, जहां लगभग एक सप्ताह से अधिक समय तक किराए के कमरे में रखकर दैहिक शोषण करता रहा, लेकिन जब उसने शादी के लिए कहा तो आरोपी मुकर गया।

ऐसे में पीड़िता के बयान पर दुष्कर्म का अपराध पंजीबद्ध कर युवक की तलाश प्रारंभ की गई, लेकिन वह हाथ नहीं आया, तभी से उसकी खोजबीन चल रही थी।

अंतत: 6 महीने बाद मुखबिर की सूचना पर रामपुर क्षेत्र में दबिश देते हुए आरोपी अमर को गिरफ्तार कर लिया गया, जिसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

Created On :   7 May 2026 2:25 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story