Satna News: 2 बकरियों की चोरी से आक्रोशित ग्रामीण सड़क पर उतरे, 3 घंटे ठप रखा यातायात

2 बकरियों की चोरी से आक्रोशित ग्रामीण सड़क पर उतरे, 3 घंटे ठप रखा यातायात
आक्रोशित बकरी पालक ने ग्रामीणों को साथ लेकर अमरपाटन-रामपुर मार्ग पर अस्थायी बाड़ लगाकर यातायात ठप कर दिया।

डिजिटल डेस्क,सतना। रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र के बीदा गांव से दो दिन पहले अज्ञात बदमाशों ने दो बकरियां चोरी कर लीं, जिससे नाराज बकरी पालक ने ग्रामीणों के साथ मिलकर अमरपाटन-रामपुर मार्ग जाम कर दिया, जिससे तीन घंटे तक यातायात ठप रहा और सैकड़ों वाहनों के पहिए थम गए।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बीदा निवासी मुन्ना पुत्र भूरा यादव के बाडे से 3 मई की रात को 2 बकरियां चोरी हो गईं थीं, जिसकी शिकायत पीडि़त ने थाने में दर्ज कराई, मगर कोई मदद नहीं मिली। ऐसे में मंगलवार दोपहर को आक्रोशित बकरी पालक ने ग्रामीणों को साथ लेकर अमरपाटन-रामपुर मार्ग पर अस्थायी बाड़ लगाकर यातायात ठप कर दिया।

तब बनी बात

यह खबर लगते ही पहले एफआरवी स्टाफ मौके पर पहुंचा, लेकिन ग्रामीण जाम खोलने को तैयार नहीं हुए। अंतत: तहसीलदार समेत वरिष्ठ अधिकारी जब मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का भरोसा दिलाया, तब जाकर ग्रामीण शांत हुए और जाम खोल दिया, मगर इस कवायद में तीन घंटे तक यातायात ठप रहा, जिससे सैकड़ों वाहन फंस गए और लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Created On :   6 May 2026 2:15 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story