- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- शादी-समारोह के दौरान दिव्यांग युवती...
Satna News: शादी-समारोह के दौरान दिव्यांग युवती से कार में गैंगरेप

डिजिटल डेस्क,सतना। सभापुर थाना क्षेत्र में दिव्यांग युवती को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिस पर पुलिस ने अपराध दर्ज करते हुए मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया, जिससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात को कोटर क्षेत्र के बिहरा गांव से एक बारात आई थी, जिसके स्वागत के लिए वधू पक्ष के साथ गांव के कई परिवार भी शामिल थे।
इन्हीं में 20 वर्षीय मूक-बधिर और मानसिक रूप से कमजोर युवती भी शामिल थी। जब विवाह की रस्में शुरु हो गईं, तभी कुछ युवक बहला-फुसलाकर युवती को मैरिज गार्डन से बाहर ले आए, जहां पहले से खड़ी अपनी गाड़ी में ले जाकर किशन सिंह नामक युवक ने उसके साथ रेप किया, जबकि तीन युवक बाहर निगरानी करते रहे।
सीडब्ल्यूसी की मदद से दर्ज किया बयान
काफी देर तक ज्यादती करने के बाद आरोपियों ने पीडि़ता को छोड़ दिया, मगर वह किसी से कुछ बता नहीं पाई। इस बीच उसकी हालत देखकर परिजनों को संदेह हुआ तो इशारों में किसी तरह बातचीत की और फिर फरियाद लेकर थाने पहुंच गए, जहां पुलिस ने महिला थाना स्टाफ और सीडब्ल्यूसी की मदद से विशेषज्ञ बुलाकर बयान लेते हुए बीएनएस की धारा 70(1), 64(2) (आई), 64(2)(के) एवं दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम की धारा 92(डी) के तहत कायमी कर आरोपियों की पहचान और धरपकड़ के प्रयास प्रारंभ कर दिए।
टीआई शंखधर द्विवेदी ने बताया कि बुधवार देर शाम तक मुख्य आरोपी किशन को हिरासत में ले लिया गया, जिससे पूछताछ की जा रही है, तो वहीं फरार साथियों की तलाश तेज कर दी गई है।
Created On :   30 April 2026 1:47 PM IST












