- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- सतना के रत्नेश ने 3 दिन में फतह की...
Satna News: सतना के रत्नेश ने 3 दिन में फतह की 20 हजार से ऊंची 4 चोटियां

- विक्रम पुरस्कार विजेता हैं एवरेस्ट में तिरंगा फहराने वाले पर्वतारोही
- पर्वतारोहण मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने का सर्वोत्तम तरीका है।
- हर चोटी पर भारतीय ध्वज फहराते हुए पर्यटन को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
Satna News: शहर के खजुरी टोला के रहने वाले प्रदेश के प्रख्यात पर्वतारोही रत्नेश पाण्डेय ने लद्दाख क्षेत्र में महज 3 दिनों में 20 हजार फीट से ऊंची 4 चोटियों को फतह करने में सफलता पाई है। उन्होंने हर चोटी पर भारतीय ध्वज फहराते हुए पर्यटन को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। रत्नेश की टीम में अन्य लोग भी शामिल थे।
टीम के लिए यह पर्वतारोहण अभियान जोखिम भरा था। अत्यधिक बारिश और एक भीषण हिम तूफान ने उनके तंबू को तहस-नहस कर दिया। ऐसी विकट परिस्थितियों में भी डटे रहने और पुन: आरोहण करने के जज्बे का श्रेय रत्नेश अपने माउंट एवरेस्ट के अनुभव और अपनी टीम को देते हैं।
इनके शिखर तक पहुंचे
रत्नेश ने ग्यामा कांगरी ईस्ट (6,108 मीटर), कीगर री (6,100 मी.), यालुंग नोंग 1 (6,050 मी.) और यालुंग नोंग 2 (6,080 मी.) जैसी चोटियों की ऊंचाइयों का सफर 3 दिनों में तय किया है। उन्हें स्टेंजिन लापु, दावा शेर्पा और अब्दुल कयूम जैसे माउंटेनियर्स का साथ मिला।
मौसम खराब होने से जीपीएस की मदद से एक निचले गांव तक टीम सुरक्षित पहुंची और मौसम साफ होने के बाद पुन: चढ़ाई शुरू की। यह अभियान पूरी तरह आत्मनिर्भर अल्पाइन शैली में पूरा किया गया जो दृढ़ता, टीमवर्क और कार्य कौशल को दर्शाता है।
डिजिटल डिटॉक्स बेहद जरूरी
रत्नेश कहते हैं कि पर्वतारोहण मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने का सर्वोत्तम तरीका है। जब आप पकृति के बीच होते हैं, तो यह कई तरह से लाभ पहुंचाती है। उन्होंने कहा कि आजकल डिजिटल डिटॉक्स बेहद जरूरी है। गौरतलब है कि रत्नेश पाण्डेय एवरेस्ट की चोटी फतह कर चुके हैं। वे एक सर्टिफाइड मास्टर इंस्ट्रक्टर और रेस्क्यू एक्सपर्ट भी हैं।
Created On :   21 July 2025 2:28 PM IST