- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- सूने घर का ताला तोडक़र नकदी समेत...
Satna news: सूने घर का ताला तोडक़र नकदी समेत लाखों के गहने ले गए चोर
डिजिटल न्यूज़ सतना
कोलगवां थाना अंतर्गत सोनौरा गांव में चोरों ने सूने घर का ताला तोडक़र लाखों की नकदी समेत सोने-चांदी की ज्वेलरी पार कर दी, जिसकी शिकायत पर पुलिस ने कायमी कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक नए आरटीओ कार्यालय के पास रहने वाले शंभू प्रसाद पांडेय कुछ दिन पहले अपनी बड़ी बेटी के पास प्रयागराज चले गए थे, उनके घर पर ताला लटक रहा था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने 14-15 सितंबर की दरमियानी रात को ताला तोड़ दिया और दबे पांव घर में दाखिल हो गए। चोरों ने सभी कमरों की तलाशी लेकर सामान उलट-पलट दिया और आलमारी के लॉकर में रखी 4 लाख 30 हजार नकदी के अलावा 5 तोला सोने के जेवर एवं 400 ग्राम चांदी के गहने समेट ले गए। मंगलवार को पड़ोसी ने जब घर का ताला टूटा देखा तो फौरन शंभू प्रसाद को सूचित किया, जो आनन-फानन सतना लौटे और नुकसान की जानकारी जुटाते हुए थाने में लिखित शिकायत प्रस्तुत कर दी, जिस पर कायमी कर जांच शुरू कर दी गई है। चोरों की पहचान और तलाश के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
बेटी के इलाज के लिए जुटाई थी रकम ---
पीडि़त शंभू प्रसाद पांडेय के मुताबिक उनकी छोटी लडक़ी का स्वास्थ्य काफी समय से खराब चल रहा था, जिसके डायलिसिस और ऑपरेशन के लिए उन्होंने इधर-उधर से लाखों रुपए जुटाए, मगर पिछले दिनों अचानक उसकी मौत हो गई, जिससे रकम घर पर ही रखी रह गई। अंतिम कार्यक्रमों में व्यस्त होने के चलते रुपए बैंक में जमा नहीं कर पाए थे। इस वारदात में किसी जानकार का हाथ होने का संदेह जताया जा रहा है।
Created On :   17 Sept 2026 3:12 PM IST











