Seoni news: कुरई-खवासा चेकपोस्ट पर विवाद:आक्रोशित ट्रक चालकों ने किया नेशनल हाईवे जाम

कुरई-खवासा चेकपोस्ट पर विवाद:आक्रोशित ट्रक चालकों ने किया नेशनल हाईवे जाम
जाम के कारण बस यात्रियों में आक्रोश

डिजिटल न्यूज़ सिवनी

सिवनी-नागपुर नेशनल हाईवे पर कुरई-खवासा के बीच स्थित परिवहन विभाग की चेकपोस्ट पर सोमवार की दोपहर जमकर हंगामे की स्थिति निर्मित हो गई। नागपुर की ओर जा रहे एक कंटेनर के चालक से चेक पोस्ट पर एक कथित कर्मी का विवाद हो गया। बताया जा रहा कि चालक ने अपशब्द कह दिए तो उक्त कर्मी के द्वारा मारपीट कर दी गई। इससे आक्रोशित ट्रक चालकों ने देखते ही देखते नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। इससे कुछ देर में ही दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतार लग गई। जानकारी मिलते ही बरघाट एसडीओपी ललित गठरे सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। जाम लगाने वालों की मांग पर मारपीट के मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई। इसके बाद वे गिरफ्तार की मांग को लेकर अड़ गए। लगभग दो से ढाई घंटे तक लगा जाम एसडीओपी की समझाइश पर खुल पाया।

फंसी रहीं कई बसें व अन्य वाहन

ट्रक चालकों द्वारा लगाए गए जाम के कारण जबलपुर-सिवनी-नागपुर मार्ग पर चलने वाली कई बसें काफी देर तक फंसी रहीं। उक्त हाईवे पर भारी यातायात होने के कारण कार आदि वाहनों से यात्रा करने वाले भी भारी हलाकान परेशान हुए। मरीजों को ले जा रहीं एंबुलेंस भी जाम के चलते फंस गईं। हालांकि, पुलिस ने मशक्कत कर एंबुलेंस पास कराईं। जाम के कारण बस यात्रियों में आक्रोश भी देखा गया। बताया गया कि सिवनी-नागपुर के बीच चलने वाली बसें जाम के कारण वापस सिवनी भी आ गई थीं। सिवनी जिला बस ऑपरेटर एसोसिएशन के अध्यक्ष तेजबलि सिंह का कहना था कि चेकपोस्ट पर अभद्रता बंद होना चाहिए। जाम लगने से बसों में सवार यात्रियों के साथ ही अन्य लोग भी काफी परेशान होते हैं।

Created On :   25 Aug 2026 1:34 PM IST

Tags

Next Story