- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सिवनी
- /
- किन्नरों में जमकर हुआ...
Seoni news: किन्नरों में जमकर हुआ बाहरी-स्थानीय का विवाद: कोतवाली में हंगामा, दर्ज किया गया प्रकरण

डिजिटल न्यूज़ सिवनी
किन्नरों में चल रहा स्थानीय व बाहरी का विवाद रविवार की शाम घमासान में तब्दील हो गया। कोतवाली थाना के बाहर किन्नर एक-दूसरे पर टूट पड़े और उनके बीच जमकर मारपीट हुई। इससे हंगामे की स्थिति निर्मित हो गई। दर्जनों की संख्या में एकत्र किन्नरों को पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद नियंत्रित किया। जानकारी मिलते ही एएसपी दीपक मिश्रा भी कोतवाली पहुंच गए थे। एसपी कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि मारपीट करने वाले किन्नरों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया जाएगा। एएसपी की मौजूदगी में पुलिस प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई में जुटी रही।
क्या है मामला
शनिवार को नागपुर से दो बसों में भरकर किन्नर पलारी पहुंचे थे। सिवनी के किन्नरों ने कोतवाली पहुंचकर शिकायत की थी कि बाहरी किन्नर जिले में आकर वसूली कर रहे हैं। रविवार को नागपुर के किन्नरों के शहर में होने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने उन्हें कोतवाली बुलाया था। वहीं स्थानीय किन्नरों को भी बुलाया गया, ताकि उनके बीच का विवाद निपटाया जा सके। बताया गया कि स्थानीय किन्नरों के आते ही बाहरी किन्नरों ने उनसे मारपीट शुरु कर दी। वहीं, स्थानीय किन्नरों ने भी उनको पीटा। थाना के बाहर मुख्य मार्ग पर भी जमकर मारपीट हुई। एक किन्नर की निर्वस्त्र करके पिटाई की गई।
बरघाट थाना में भी की गई शिकायत
रविवार को बड़ी संख्या में किन्नर बरघाट थाना भी पहुंचे। किन्नरों ने आरोप लगाया कि सिवनी की किन्नर अपने साथियों के साथ आए दिन धमका रही है। यहां तक कि २० अगस्त को पलारी में किन्नर शबाना व नन्दिनी के घर में घुसकर मारपीट कर अपना ताला लगाकर चले गई थी। जब २२ अगस्त को नागपुर से किन्नरों का समूह पलारी आ रहा था तो कान्हीवाड़ा पुलिस को गुमराह कर जबरन बस रूकवाई गई थी। किन्नरों का कहना कि सिवनी के किन्नर समूह की कुछ किन्नर उन्हें बेवजह परेशान कर रही है।जबकि पलारी, कान्हीवाड़ा और बरघाट में वे सालों से रहकर बधाई लेने का काम कर रही हैं।
Created On :   24 Aug 2026 1:58 PM IST












