- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सिवनी
- /
- पीपरडाही स्कूल के विद्यार्थियों ने...
Seoni news: पीपरडाही स्कूल के विद्यार्थियों ने सिवनी-छिंदवाड़ा हाईवे किया जाम

डिजिटल न्यूज़ सिवनी
लखनवाड़ा थाना अंतर्गत ग्राम पीपरडाही के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने सोमवार को सिवनी-छिंदवाड़ा हाईवे पर जाम लगा दिया। स्कूल पहुंचने के लिए पक्की सडक़ की मांग पूरी नहीं होने से आक्रोशित विद्यार्थी पूर्वान्ह लगभग ११.३० बजे कोहका गोह पहुंचे और सडक़ पर बैठक सिवनी-छिंदवाड़ा मार्ग जाम कर दिया। इस दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा जमकर नारेबाजी की गई। सूचना पर लखनवाड़ा पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। विद्यार्थियों को काफी समझाइश दी गई, लेकिन वे नहीं माने। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके से किसी को निकलने नहीं दिया जा रहा था। विद्यार्थियों के अड़े रहने के कारण यातायात डायवर्ट कर वाहनों को निकाला गया। काफी मशक्कत के बाद किसी तरह आश्वासन देकर उन्हें करीब डेढ़ घंटे से लगा जाम खोलने के लिए तैयार किया गया। मौके पर पहुंचे एसडीएम, जिला शिक्षा अधिकारी, नायब तहसीलदार, जनपद सीईओ ने रोड बनाने का आश्वासन दिया। विद्यार्थियों ने चेतावनी दी कि यदि एक माह के भीतर रोड के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई तो फिर से उग्र आंदोलन करेंगे।
टूटी पड़ी पुलिया, गड्ढों से परेशानी
जानकारी के अनुसार पीपरहाड़ी गांव में स्कूल पहुंचने के लिए विद्यार्थियों को कच्चे रास्ते से होकर जाना पड़ता है। पीपरडाही से चारगांव और जमुनिया तक कच्चा मार्ग है। इस मार्ग की एक पुलिया भी पांच साल से टूटी हुई है। बारिश में कीचड़ और गढ्ढों के साथ ही पुलिया टूटने से परेशानी होती है। इस मामले को लेकर छात्र-छात्राओं का कहना था कि एक तरफ स्कूल चलें हम अभियान चल रहा है तो वहीं दूसरी और स्कूल जाने के लिए पक्का रास्ता नहीं है। सडक़ निर्माण की मांग को लेकर विद्यार्थियों द्वारा पूर्व में सीएम हेल्पलाइन 181 में की शिकायत की थी। यहां तक कि कलेक्टर के समक्ष भी आवेदन दिया गया था, लेकिन दोनों ही मामलों में कोई कार्रवाई नहीं हो पाई। विद्यार्थियों का कहना है कि सडक़ नहीं होने के कारण उन्हें स्कूल आने-जाने में लगातार परेशानी होती है।
Created On :   25 Aug 2026 1:45 PM IST












