- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सिवनी
- /
- रिसॉर्ट में एक्सपायरी खाद्य सामग्री...
seoni news: रिसॉर्ट में एक्सपायरी खाद्य सामग्री से तैयार हो रहा था भोजन

डिजिटल न्यूज सिवनी पेंच टाइगर रिजर्व क्षेत्र स्थित रिसॉर्टों की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही है। पर्यटकों की सेहत से जमकर खिलवाड़ किया जा रहा है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा की गई जांच में यह एक बार फिर उजागर हो गया है। टीम ने एक रिसॉर्ट में एक्सपायर हो चुकी खाद्य सामग्री से भोजन तैयार करते हुए पकड़ा। वहीं, एक अन्य रिसॉर्ट में एक्सपायर हो चुकी खाद्य सामग्री का भंडारण पाया गया। दोनों रिसॉर्ट को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32 के अंतर्गत इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया है। साथ ही, स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण में गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री का निर्माण, भंडारण एवं उपयोग सुनिश्चित करने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच एवं कार्रवाई के दौरान जिला खाद्य अधिकारी सोनू तिवारी व फूड सेफ्टी ऑफिसर महेन्द्र परते मौजूद रहे।
कहां क्या मिली गड़बड़ी
निरीक्षण के दौरान तुली टाइगर रिसॉर्ट में जमकर मनमानी करना पाया गया। यहां वेज एवं नॉनवेज खाद्य सामग्री को एक ही स्थान पर रखा गया था। अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य सामग्री का भंडारण मिला। इतना ही नहीं उक्त रिसॉर्ट में एक्सपायरी खाद्य सामग्री से भोजन तैयार किया जा रहा था, वहीं बड़ी मात्रा में एक्सपायरी खाद्य सामग्री संग्रहित मिली। इसी तरह आकर्ड वाइल्ड लाइफ पेंच रिसॉर्ट से जांच हेतु बेसन का नमूना लिया गया। यहां एक्सपायरी खाद्य सामग्री का भंडारण भी मिला।
Created On :   20 July 2026 12:26 PM IST












