- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सिवनी
- /
- साफ-सफाई’ के सिस्टम को नगर पालिका...
सिवनी न्यूज: साफ-सफाई’ के सिस्टम को नगर पालिका करेगी ‘टाइट’

डिजिटल न्यूज, सिवनी कर्मचारियों की पदोन्नति से संबंधित एकमात्र एजेंडे को लेकर सोमवार को आयोजित नगर पालिका परिषद के विशेष सम्मिलन की शुरुआत में ही विपक्षी कांग्रेसी पार्षदों ने आरोपों की लाइन लगा दी। बैठक को नियम विरुद्ध बताते हुए कांग्रेसी पार्षदों ने कई सवाल दागे। हालांकि, सत्ता पक्ष पर इसका कोई खास असर नजर नहीं आया और अध्यक्ष ज्ञानचंद सनोडिया ने 17 कर्मचारियों की पदोन्नति का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास करा दिया। प्रस्ताव पास होने के बाद पक्ष-विपक्ष के पार्षदों ने सफाई व्यवस्था, आउट सोर्स पर की गई नियुक्तियों, टेण्डर होने के बावजूद सडक़,नाली आदि का काम प्रारंभ न किए जाने तथा पंूजीपतियों के अतिक्रमण न हटाए जाने के मुद्दे उठाए। सफाई कर्मियों के काम पर उपस्थित न होने का मामला भी उठा। पार्षद महमूद ने कहा कि उनका वार्ड काफी बड़ा है और उनके वार्ड के लिए तय कचरा वाहन सुभाष वार्ड में भी भेज दिया जाता है। इससे उनके वार्ड में कचरा कलेक्शन का काम प्रभावित होता है। इस पर अध्यक्ष ज्ञानचंद सनोडिया ने उनके वार्ड में कचरा वाहन की नियमित व्यवस्था करने तथा हर वार्ड के लिए एक-एक कचरा वाहन निर्धारित करने की बात सीएमओ से कही। सीएमओ दिशा डहेरिया ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर कई कदम उठाने की तैयारी है। कर्मचारियों की उपस्थिति तभी मानी जाएगी, जब पार्षद सत्यापन करके देंगे। सत्यापन व ऑनलाइन मिलान कर उपस्थिति दर्ज की जाएगी। हर वार्ड में घर-घर कचरा कलेक्शन के लिए प्रतिदिन गाड़ी भेजने की व्यवस्था लागू की जाएगी। वार्ड जमादारों के प्रभार में भी परिवर्तन किया जाएगा। पदोन्नति आदेश जारी होने के बाद स्वच्छता पर्यवेक्षकों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
Created On :   21 July 2026 1:18 PM IST












