Seoni News: 47 कर्मियों के पदोन्नति पर पिपिंग सेरेमनी का आयोजन

47 कर्मियों के पदोन्नति पर पिपिंग सेरेमनी का आयोजन
कर्तव्य, अनुशासन और उत्तरदायित्व में वृद्धि का प्रतीक भी है पदोन्नति

डिजिटल डेस्क,सिवनी। पेंच टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने खवासा इंटरप्रिटेशन सेंटर में 36 वनरक्षक से वनपाल और 11 वनपाल से उपवन क्षेत्रपाल पद पर पदोन्नत मैदानी कर्मचारियों के सम्मान में मंगलवार को पिपिंग सेरेमनी समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पदोन्नत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कंधों पर स्टार लगाकर उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी।

इस अवसर पर पेंच के फील्ड डायरेक्टर देवा प्रसाद जे ने कहा कि पदोन्नति केवल पद में वृद्धि नहीं,बल्कि कर्तव्य, अनुशासन एवं उत्तरदायित्व में भी वृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारियों ने अपनी निष्ठा, समर्पण एवं उत्कृष्टकार्य के बल पर यह उपलब्धि प्राप्त की है।

अब उनसे अपेक्षा है कि वे पहले से अधिक जिम्मेदारी,ईमानदारी एवं उत्साह के साथ वन एवं वन्यजीव संरक्षण के कार्यों का निर्वहन करेंगे। डिप्टी डायरेक्टर पुनीत गोयल ने कहा कि यह स्टार केवल सम्मान का प्रतीक नहीं, बल्कि जनता, वन एवं वन्यजीवों के प्रति बढ़ी हुई जिम्मेदारी का भी प्रतीक है।

उन्होंने सभी कर्मचारियों को अपने उत्कृष्ट कार्यों की निरंतरता बनाए रखने, कानून प्रवर्तन को और अधिक प्रभावी बनाने तथा पेंच टाइगर रिजर्व के संरक्षण एवं प्रबंधन में अनुकरणीय योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

Created On :   21 July 2026 8:49 PM IST

Tags

Next Story