Seoni News: लखनादौन-खवासा के बीच हादसे रोकने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की कवायद

लखनादौन-खवासा के बीच हादसे रोकने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की कवायद
तीन ब्लैक स्पॉट्स पर सिक्स लेन अण्डरपास के निर्माण का रास्ता साफ,11 अन्य जगह भी जल्द बनाए जाएंगे, थमेगा जानलेवा हादसों का सिलसिला

डिजिटल डेस्क,सिवनी। नेशनल हाईवे 44 पर सिवनी-लखनादौन के बीच स्थित 03 ब्लैक स्पॉट्स पर सिक्स लेन अण्डरपास बनाने का रास्ता साफ हो गया है। टेंडर प्रक्रिया के बाद जल्द ही इनका निर्माण शुरु होने वाला है। जिन 03 ब्लैक स्पॉट्स पर सिक्स लेन अण्डरपास का का निर्माण प्रारंभ होने जा रहा है, उनमें नगझर स्थित जबलपुर फोरलेन बायपास टर्निंग, मढ़ई व गोरखपुर शामिल हैं।

इनके बनते ही जहां ब्लैक स्पॉट्स का धब्बा दूर हो जाएगा, वहीं लगातार होने वाले जानलेवा हादसों का सिलसिला भी थम जाएगा। इनके अलावा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने सिवनी-लखनादौन व सिवनी-खवासा के बीच 11 जगह पर स्थित अन्य संभावित ब्लैक स्पॉट्स पर भी सिक्स लेन अण्डरपास का निर्माण कराने की कवायद शुरु कर दी है। टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होते ही इन स्थानों पर भी सिक्स लेन अण्डरपास का निर्माण प्रारंभ कर दिया जाएगा।

इन 11 स्थानों पर भी होगा निर्माण

लगातार जानलेवा हादसों के कारण ब्लैक स्पॉट के रुप में दर्ज पहचान बना चुके नगझर स्थित जबलपुर बायपास टर्निंग, गोरखपुर व लखनादौन टोल प्लाजा के पास मढ़ई में सिक्स लेन अण्डरपास का निर्माण प्रारंभ होने की स्थिति में है। इसके अलावा बोलचाल में ब्लैक स्पॉट के रुप में पहचान बना चुके, लेकिन एनएचएआई के रिकार्ड के अनुसार संभावित ब्लैक स्पॉट के रुप में चिंहित किए जा चुके गणेशगंज, घुनई, छपारा, छपारा कलां, सादक सिवनी, बंडोल, राहीवाड़ा, भोंगाखेड़ा, सीलादेही स्थित नागपुर फोरलेन बायपास टर्निंग, गोपालगंज तथा सुकतरा में भी सिक्स लेन अण्डरपास बनाए जाने को मंजूरी प्रदान की जा चुकी है।

शिफ्ट होंगी पाइप लाइनें

सिवनी शहर में नई व पुरानी जलावर्धन योजना अंतर्गत भीमगढ़ बांध से जलापूर्ति होती है। भोंगाखेड़ा स्थित इंटकवेल से पंपिंग कर बंडोल के पास श्रीवनी जलशोधन संयंत्र व बबरिया तक पानी लाया जाता है। पूरी पाइप लाइन हाईवे किनारे से सिवनी तक पहुंची है। नगझर स्थित जबलपुर फोरलेन बायपास टर्निंग पर से भी पानी की पाइप लाइन गुजरी हैं।

सिक्स लेन अण्डरपास के निर्माण के कारण पाइप लाइनों को शिफ्ट करना होगा। ऐसी ही स्थिति छपारा में भी बताई जा रही है। एनएचएआई ने इस संबंध में निकायों से पत्राचार कर चुकी है। नगझर स्थित पाइप लाइनों की शिफ्टिंग का व्यय सिवनी नगर पालिका परिषद को ही उठाना पड़ेगा। बताया जा रहा कि परिषद से इसकी मंजूरी मिल चुकी है।

इनका कहना है-

सिवनी-लखनादौन के बीच 3 ब्लैक स्पॉट्स पर सिक्स लेन अण्डरपास निर्माण की सभी तैयारियां पूर्ण हो गई हैं। लखनादौन-सिवनी-खवासा के बीच 11 अन्य संभावित ब्लैक स्पॉट्स पर भी सिक्स लेन अण्डरपास का निर्माण कराया जाएगा। इनके टेंडर की प्रक्रिया जल्द पूर्ण की जाएगी।

- आकृति गुप्ता, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, एनएचएआई

Created On :   8 April 2026 1:25 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story