- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सिवनी
- /
- सबसे बड़े ‘टाइगर’ का लोकार्पण कर...
Seoni News: सबसे बड़े ‘टाइगर’ का लोकार्पण कर सकते हैं मुख्यमंत्री

Seoni News: पेंच टाइगर रिजर्व अंतर्गत खवासा में बनाए गए दुनिया के सबसे बड़े टाइगर के स्टेच्यू का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा लोकार्पण किया जा सकता है। मुख्यमंत्री 12 नवंबर को सिवनी आ रहे हैं। वे यहां पॉलीटेक्निक कॉलेज मैदान में आयोजित राज्यस्तरीय मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना हितलाभ वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जहां प्रशासनिक अमला हरकत में है, वहीं पेंच पार्क प्रबंधन भी सक्रिय हो गया है।
खवासा में स्क्रैप मटेरियल से बनाई गई 16 फीट से ज्यादा ऊंची व 36 फीट से ज्यादा लंबी टाइगर की प्रतिमा को मुख्यमंत्री के हाथों लोकार्पित कराए जाने के प्रयास कई माह से पेंच पार्क प्रबंधन द्वारा किए जा रहे हैं। अब जबकि मुख्यमंत्री सिवनी आ रहे हैं तो इसे लेकर प्रयासों में और तेजी आ गई है। जानकारी के अनुसार इस संबंध में पेंच टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर रजनीश कुमार सिंह ने कलेक्टर शीतला पटले से मुलाकात की है। जिसके बाद टाइगर के स्टेच्यू के वर्चुअल लोकार्पण की संभावनाएं प्रबल बताई जा रही हैं। हालांकि ऐसा होगा कि नहीं इसे लेकर अफसर फिलहाल स्पष्ट रूप से कुछ भी कहने से बच रहे हैं।
लाड़ली बहनों को मिल सकते हैं 15 सौ
प्रदेश सरकार द्वारा लाड़ली बहनों को हर माह 1250 रुपए दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इस बढ़ाकर 15 सौ रुपए करने की घोषणा की थी। बताया जा रहा कि सिवनी में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में राशि 250 रुपए बढ़ाकर हर माह 15 सौ रुपए दिए जाने की शुरुआत की जा सकती है। मुख्यमंत्री का मिनट टू मिनट प्रोग्राम अभी सामने नहीं आया है। हालांकि उनके दोपहर एक बजे सिवनी आने की जानकारी दी जा रही है। हेलीपेड मानेगांव में बनाया गया है। जहां हेलीकॉप्टर से आने के पश्चात मुख्यमंत्री का काफिला आयोजन स्थल पहुंचेगा।
विधायक ने देखी तैयारियां
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पॉलीटेक्निक कॉलेज मैदान में विशाल डोम का निर्माण प्रारंभ हो गया है। रविवार की शाम विधायक दिनेश राय मुनमुन ने पॉलीटेक्निक कॉलेज मैदान पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अफसरों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मंच सज्जा, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात व पार्किंग व्यवस्था आदि की जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर शीतला पटले सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
Created On :   10 Nov 2025 3:35 PM IST












