शहडोल न्यूज: छात्रों के साथ हुई बर्बरता के विरोध में कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन

छात्रों के साथ हुई बर्बरता के विरोध में कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन
राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

डिजिटल डेस्क शहडोल |देशभर में छात्रों के साथ हो रहे कथित अन्याय एवं नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों और लोकसभा मे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एवं प्रदेश काँग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी व कांग्रेस नेताओं पर पुलिस द्वारा की गई बलपूर्वक कार्रवाई के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल द्वारा बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर के सामने धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के उपरांत राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन में कहा कि विगत दिनों नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर देशभर के छात्र एवं आम नागरिक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शांतिपूर्ण धरना, प्रदर्शन एवं अनशन कर रहे थे। लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले छात्रों और युवाओं पर पुलिस द्वारा जिस प्रकार बल प्रयोग किया गया, वह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण, अमानवीय और लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी ने कहा कि इस कार्रवाई में अनेक छात्रों एवं आंदोलनकारियों को गंभीर चोटें आईं, जो सरकार की असहिष्णु मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता छात्रों की आवाज़ को संसद और सड़क दोनों जगह मजबूती से उठा रहे थे। लेकिन सरकार ने छात्रों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनके समर्थन में खड़े जनप्रतिनिधियों के साथ भी अभद्र एवं बर्बरतापूर्ण व्यवहार किया। यह लोकतंत्र की आत्मा पर सीधा प्रहार है और देश की लोकतांत्रिक परंपराओं के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

इस दौरान जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी, पूर्व जिलाध्यक्ष आजाद बहादुर सिंह, नीरज द्विवेदी, जिला उपाध्यक्ष कुलदीप निगम, वरिष्ठ कांग्रेसी महमूद अहमद, मुबारक मास्टर, श्रीनिवास शर्मा, जिला उपाध्यक्ष अनुज मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Created On :   22 July 2026 9:15 PM IST

Tags

Next Story