- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- शहडोल
- /
- तीन युवकों की मौत के दो दिन बाद...
Shahdol News: तीन युवकों की मौत के दो दिन बाद सामने आई पुलिस तो सिर्फ गांजा पकड़ना बताया

डिजिटल डेस्क,शहडोल। जैतपुर थाना क्षेत्र के कमता तिराहे के समीप 13-14 अप्रैल की रात सडक़ किनारे स्थित कुएं में तीन युवकों की मौत के दो दिन बाद शहडोल पुलिस सामने आई तो सिर्फ 2 क्विंटल की जब्ती बताकर स्वयं की पीठ थपथपाने की कोशिशें होती रही, पुलिस ने तीन युवकों की मौत पर उठ रहे सवालों पर कुछ भी नहीं बताया।
बतौर पुलिस घटनास्थल के समीप मिली नई कार क्रमांक एमपी 18 जेडजे 0950 के मालिक रामपुर थाना बुढ़ार निवासी शंकर विश्वकर्मा से पूछताछ पर जैतपुर थाना के छत्तीसगढ़ सीमा पर डोंगरीटोला हीरासिंह के घर पर 200 किलो गांजा होने की जानकारी मिली। जिसे 15 अप्रैल को जब्त कर आरोपी हीरासिंह पर प्रकरण दर्ज किया गया।
शहडोल एसपी रामजी श्रीवास्तव के अनुसार गांजा की यह बरामदगी शहडोल पुलिस द्वारा सूत्रों को सटीकता से डेवलप करने के बाद त्वरित कार्रवाई का नतीजा है। आरोपी को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।
सबको पता है शहडोल से गुजरता है गांजा तस्करी का कारीडोर फिर भी कार्रवाई क्यों नहीं
उड़ीसा से निकलने वाले गांजा को उत्तरप्रदेश व अन्य शहरों तक तस्करी का कारीडोर शहडोल से होकर गुजरता है। यह बात शहडोल संभाग का बच्चा-बच्चा जानता है। शहडोल पुलिस ने भी डोंगरीटोला में जब्त 200 किलो गांजा को उड़ीसा से लाना बताया।
सवाल यह है कि इसके बाद भी गांजा की तस्करी कैसे हो रही है। जिले में कभी भी कोई वाहन दुर्घटनाग्रस्त होता है तो उसमें गांजा ही निकलता है। गांजा तस्करों के इस पसंदीदा रूट पर ऐसी कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है जिससे नशे के इस कारीडोर को हमेशा के लिए बंद किया जा सके।
एडीजी पुलिस राजाबाबू सिंह आज करेंगे समीक्षा
गृह विभाग द्वारा 8 अप्रैल को शहडोल संभाग के प्रभारी बनाए गए एडीजी पुलिस राजाबाबू सिंह शुक्रवार को संभाग के तीनों जिलों में कानून और व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। उन्होंने दैनिक भास्कर को बताया कि प्रभारी बनाए जाने के बाद यह समीक्षा पहली बार होगी। इसमें यह भी निर्देश देंगे कि संभाग के तीनों जिलों में कानून का पालन किया जाए।
जैतपुर में इन बातों की चर्चा
13-14 अप्रैल की रात जिस कुएं में युवकों की मौत होना बताया जा रहा है वहां दो महिलाएं मौजूद रहीं। ये महिलाएं रात मेें थाने में गईं थी पर बाद में कहीं पता नहीं चला।
जैतपुर के रहवासियों का कहना है कि जिस कार को पुलिस सडक़ हादसे में टूटना बता रही है, उसे जेसीबी से भी डैमेज किया गया है।
Created On :   17 April 2026 2:28 PM IST












