- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सिंगरौली
- /
- देवसर बाजार में आधी रात आम से लदी...
Singrauli News: देवसर बाजार में आधी रात आम से लदी पिकअप ने कई ठेले और गोमतियां रौंदी

Singrauli News: जिले के देवसर बाजार में रविवार-सोमवार मध्यरात्रि एक अनियंत्रित पिकअप ने सड़क किनारे खड़ी फल एवं सब्जी विक्रेताओं की कई ठेलों और गोमतियों को टक्कर मार दी। हादसा जियावन थाने के सामने रात करीब 2 बजे हुआ। दुर्घटना में कई ठेले और अस्थायी दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार सीधी की ओर से आम लेकर आ रही बोलेरो पिकअप (एमपी 66 जी 1966) अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़ी दुकानों में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई ठेले और गोमतियां क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे फल एवं सब्जी विक्रेताओं को भारी आर्थिक नुकसान हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। राहत की बात यह रही कि घटना के समय सभी दुकानें बंद थीं और कोई भी दुकानदार या राहगीर वहां मौजूद नहीं था। यदि बाजार खुला होता तो बड़ा जनहानि वाला हादसा हो सकता था।
स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त ठेलों और गोमतियों का सर्वे कराकर पीड़ित दुकानदारों को शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग की है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
व्यापारियों में नाराजगी
घटना के बाद व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर चिंता जताई। उनका कहना है कि रात के समय भी तेज गति से गुजरने वाले वाहनों के कारण बाजार क्षेत्र में लगातार हादसों का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे स्थानों पर प्रभावी यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
Created On :   6 July 2026 3:15 PM IST












