- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- Thane
- /
- आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस की मदद से...
Thane News: आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस की मदद से होगी एसटी बस यात्रियों की सुरक्षा

Thane News राज्य परिवहन महामंडल (एसटी) की बसों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को ठाणे में एआई तकनीक से सुसज्जित स्मार्ट बसों का निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि एसटी की नई स्मार्ट बसें यात्रियों की सुरक्षा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगी।
एसटी महामंडल की बसों से रोजाना औसतन 55 लाख लोग यात्रा करते हैं। ऐसे में इन बसों को एआई बेस्ड इंटीग्रेटेड सेफ्टी सिस्टम से लैस किया जा रहा है ताकि यात्रियों को अधिक सुरक्षित अनुभव मिल सके। बस में ये तकनीकें होंगी मौजूद : एसटी बस में चालक की गतिविधियों पर नजर रखने वाले एडीएएस और मॉनिटरिंग कैमरे लगेंगे। बस की निगरानी के लिए 360 डिग्री ब्लाइंड स्पॉट कैमरे भी लगेंगे। यात्रियों की सुरक्षा के लिए आगे, पीछे और यात्री भाग में सीसीटीवी कैमरे लगेंगे साथ ही जीपीएस ट्रैकिंग, वाइ-फाइ, एलईडी स्क्रीन, फोम आधारित फायर सेफ्टी सिस्टम, ड्राइवर अलर्ट सिस्टम भी लगाए जाएंगे। इससे यदि चालक शराब पिया हुआ हो या नींद की स्थिति में हो तो अलार्म बज जाएगा।
इसके अलावा पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम और ड्राइवर असिस्ट स्क्रीन भी सक्रिय हो जाएगा। उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि इन तकनीकों की वजह से महिलाओं को भी सुरक्षित सफर का अनुभव मिलेगा और चालक को वाहन संचालन में सहायता मिलेगी। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक की लगातार कोशिशों से यह आधुनिक प्रणाली लागू की जा रही है।
Created On :   28 May 2025 7:49 PM IST













