वारदात: कहासुनी बर्दाश्त नहीं हुई - शादी के महज 7 महीने बाद पति ने पत्नी का घोंट दिया गला, हत्या के आरोप में पुलिस ने पकड़ा

डिजिटल डेस्क, यावल. जलगांव जिले के यावल शहर में एक नवविवाहिता की हत्या से सनसनी फैल गई। आशा नगर परिसर में सोमवार शाम पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। शादी के महज 7 महीने के भीतर हुई इस वारदात से शहर में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को हिरासत में ले लिया।
7 महीने पहले हुआ था निकाह
आरोपी की पहचान फरदीन खान आरिफ खान के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह यावल के पूर्व नगरसेवक आरिफ खान का पुत्र है। फरदीन का निकाह करीब 7 महीने पहले ही हुआ था। इतनी कम अवधि में वैवाहिक जीवन का इस तरह अंत होने से इलाके में घटना को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं।
यह भी पढ़े -यावल में दिखी इंसानियत और भाईचारे की मिसाल, हिंदू युवाओं ने भटके 3 वर्षीय मुस्लिम बच्चे को परिजनों से मिलाया
आपसी विवाद के बाद वारदात
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 6 बजे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले भी आपसी अनबन रहती थी। सोमवार को विवाद बढ़ने पर पति ने कथित तौर पर पत्नी का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही यावल पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी फरदीन खान को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए यावल ग्रामीण अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
थाने और अस्पताल में भीड़ जुटी रही
हत्याकांड की खबर फैलते ही यावल पुलिस थाने और ग्रामीण अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में नागरिक जमा हो गए। घटना को लेकर शहर में चर्चा और तनाव का माहौल बन गया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Created On :  
