- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- यवतमाल
- /
- सोयाबीन में नहीं फूटे अंकुर तो...
Yavatmal News: सोयाबीन में नहीं फूटे अंकुर तो किसान ने 6.50 एकड़ फसल पर चला दिया ट्रैक्टर

Yavatmal News घटिया सोयाबीन बीज के कारण फसल का सही अंकुरण नहीं होने से नाराज किसान ने 6.50 एकड़ खेत में खड़ी सोयाबीन की फसल पर ट्रैक्टर चला दिया। किसान ने इससे पहले कृषि विभाग के अधिकारियों से शिकायत कर खेत का निरीक्षण भी करवाया, लेकिन पंचनामा और शिकायत के निराकरण में देरी होने से उसने यह कदम उठाया। लोणी निवासी किसान ज्ञानेश्वर गोटफोडे ने अपने खेत में 28 जून को सोयाबीन बोया था। आसपास के किसानों के खेतों में सोयाबीन की फसल अच्छी तरह अंकुरित होकर बढ़ रही थी, लेकिन उनके खेत में फसल का अपेक्षित अंकुरण नहीं हुआ। किसान ने इसके लिए बीज की गुणवत्ता को जिम्मेदार बताते हुए आर्णी कृषि अधिकारी कार्यालय में शिकायत की थी।
यह भी पढ़े -एक ही दिन पड़ रहा है नाग पंचमी और सावन का तीसरा सोमवार, राजन शेष मंदिर में उमड़ेगा जनसैलाब
घटिया बीज से अंकुरण नहीं होने का आरोप : बुआई से पहले किसान ने पूरी तैयारी के साथ बीज और खाद पर हजारों रुपए खर्च किए थे। बीज कंपनी के मोबाइल नंबर पर भी शिकायत की गई। कंपनी के प्रतिनिधियों ने खेत का निरीक्षण भी किया, लेकिन समस्या हल नहीं हुई तो किसान ने दारव्हा कृषि अधिकारी कार्यालय में शिकायत की। अधिकारियों ने खेत का निरीक्षण किया, लेकिन तब तक दोबारा बुआई का समय निकल चुका था।
मुआवजे की मांग पर कार्रवाई का इंतजार : किसान के अनुसार, लाखों रुपए खर्च करने के बावजूद 6.50 एकड़ खेत में फसल नहीं के बराबर थी। उसने बीज कंपनी से मुआवजा दिलाने की मांग कृषि अधिकारियों से की थी। किसान का आरोप है कि अधिकारियों ने समय रहते कंपनी को मुआवजा देने के निर्देश नहीं दिए और न ही इस संबंध में कोई पत्र जारी किया।
शिकायत का समाधान नहीं हुआ तो चला दिया ट्रैक्टर : कृषि विभाग से शिकायत के बाद भी पंचनामा और निराकरण में देरी होने से किसान नाराज था। उसका कहना है कि दोबारा बुआई का समय निकल जाने के कारण फसल बचाने का कोई रास्ता नहीं बचा था। इसी से नाराज ज्ञानेश्वर गोटफोडे ने 23 अगस्त की शाम खेत में ट्रैक्टर चला दिया। इस कारण खेत में जितनी भी फसल उगी थी, वह भी नष्ट हो गई।
Created On :   26 Aug 2026 4:07 PM IST














