IND vs PAK 5 Battles: अभिषेक vs शाहीन आफरीदी से लेकर सैम अयूब vs अर्शदीप, भारत बनाम पाकिस्तान मैच में इन बैटल्स पर टिकेंगी नजरें

अभिषेक vs शाहीन आफरीदी से लेकर सैम अयूब vs अर्शदीप, भारत बनाम पाकिस्तान मैच में इन बैटल्स पर टिकेंगी नजरें
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाकिस्तान के बीच मैच होने वाला है। इस मैच में 5 अहम बैटल्स भी देखने को मिल सकते हैं। जिसमें बुमराह बनाम साहिबजादा फरहान, हार्दिक पांड्या बनाम उस्मान तारिक शामिल हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान का मैच 15 फरवरी को होने वाला है। रविवार को श्रीलंका के कोलंबो में मैदान पर ये मैच होगा। मैच शुरू होने में अब 24 घंटे से भी कम का समय बचा है। मुकाबले में आपको कई बैटल्स भी देखने को मिलेंगे, जिसमें जसप्रीत बुमराह बनाम साहिबजादा, उस्मान तारिक बनाम हार्दिक पांड्या जैसे कई बैटल्स सामने आएंगे। ऐसे में चलिए उन बैटल्स के बारे में जानते हैं जिन पर लोगों की नजरें टिकी रह सकती हैं।

इन बैटल्स पर होंगी नजरें

अभिषेक शर्मा vs शाहीन अफरीदी

साल 2025 एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच तीन मैच खेले गए थे जिसमें भारतीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और पाक के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी के बीच तीखी तकरार नजर आई थी। अभिषेक शर्मा ने शाहीन के खिलाफ जमकर रन बनाए थे। ऐसे में बात करें दोनों के बीच रिकॉर्ड की, तो शाहीन ने टी20 इंटरनेशनल में अभिषेक के सामने 19 गेंदें डाली हैं। इन गेंदों पर अभिषेक ने 7 चौके और 3 छक्के लगाकर 36 रन बनाए थे। वहीं, शाहीन ने अब तक अभिषेक को आउट नहीं किया है। ऐसे में इन दोनों के बीच की तकरार देखना काफी दिलचस्प हो सकता है।

तिलक वर्मा vs अबरार अहमद

मुकाबले में एक लड़ाई भारतीय बल्लेबाज तिलक वर्मा और अबरार अहमद के बीच भी देखने को मिल सकती है। अब तक टी20 इंटरनेशनल में तिलक वर्मा अबरार के खिलाफ 26 गेंदों में 23 रन बना चुके हैं। अब तक अबरार ने तिलक को आउट नहीं किया है।

साहिबजादा फरहान vs जसप्रीत बुमराह

एक बैटल साहिबजादा फरहान और जसप्रीत बुमराह के बीच देखने को मिलेगा। दोनों के बीच आंकड़ों की बात करें, तो टी20 इंटरनेशनल में बुमराह के खिलाफ 34 गेंदों में साहिबजादा ने 51 रन बनाए हैं। बुमराह ने अब तक पाक बल्लेबाज को आउट भी नहीं किया है।

उस्मान तारिक vs हार्दिक पांड्या

मैच में अपने एक्शन को लेकर पाकिस्तान स्पिनर उस्मान तारिक काफी सुर्खियां बटोर रहे हैं। वैसे तो सभी भारतीय बल्लेबाजों के लिए एक चुनौती है लेकिन हार्दिक पांड्या के खिलाफ उनकी बॉलिंग काफी ज्यादा दिलचस्प हो सकती है।

सैम अयूब vs अर्शदीप

पाकिस्तान के लेफ्ट हैंड बल्लेबाज सैम अयूब और लेफ्टी बॉलर अर्शदीप सिंह के बीच तगड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है। सैम ओपनिंग पर आते हैं। वहीं अर्शदीप भी नई गेंद से गेंदबाजी करते हैं।

Created On :   15 Feb 2026 12:29 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story