NZ Vs SA T20 World Cup: साउथ अफ्रीका का विजय अभियान जारी, न्यूजीलैंड को हराकर दर्ज की लगातार तीसरी जीत, मार्को यान्सन ने लगाया विकेटों का चौंका, मार्करम ने खेली तूफानी पारी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। टी20 वर्ल्डकप 2026 में साउथ अफ्रीका शानदार फॉर्म में है। टीम ने अभी तक खेली ग्रुप स्टेज के अपने सभी तीनों मैच जीते हैं। शनिवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही साउथ अफ्रीका ग्रुप डी की नंबर वन टीम बन गई है। टीम 6 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में पहले जबकि न्यूजीलैंड दूसरे स्थान पर है।
मैच की शुरूआत में साउथ अफ्रीका के ऐडन मार्करम ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। न्यूजीलैंड ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाए। 176 रन के टारगेट को साउथ अफ्रीका ने 17.1 ओवर में केवल 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। बता दें कि टी20 वर्ल्डकप में न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका का इस मैच को मिलाकर 5 बार आमना-सामना हुआ है। हर बार साउथ अफ्रीकी टीम को जीत मिली है।
यह भी पढ़े -'मैं बोलूंगा तो बहुत लोगों को चिढ़ मच जाएगी', अभिषेक शर्मा को लप्पेबाज बताने वाले मोहम्मद आमिर को हरभजन का करारा जवाब
यान्सन ने झटके 4 विकेट
न्यूजीलैंड की तरफ से मार्क चापमैन ने सबसे ज्यादा 48 रन की पारी खेली। उनके अलावा डेरिल मिचेल ने 32 और फिन एलन ने 31 रन की पारी खेली। साउथ अफ्रीका की तरफ से मार्को यान्सन सबसे सफल बॉलर रहे। उन्होंने 4 विकेट झटके। लुंगी एनगिडी, केशव महाराज और कॉर्बिन बॉश को एक-एक सफलता मिली।
मार्करम की कप्तानी पारी
साउथ अफ्रीका की ओर से एडन मार्करम ने कप्तानी पारी खेली। उन्होंने 44 गेंदों पर 8 चौके और 4 छक्कों की मदद से 86 रन की नाबाद पारी खेली। उनके अलावा डेविड मिलर ने 24 और डेवाल्ड ब्रेविस ने 21 रन की पारी खेली। लॉकी फर्ग्यूसन, जिमी नीशम और रचीन रवींद्र को 1-1 विकेट मिला।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
साउथ अफ्रीका - ऐडन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक, रायन रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को यानसन, कॉर्बिन बॉश, कगिसो रबाडा, केशव महाराज और लुंगी एनगिडी।
न्यूजीलैंड - मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, टिम साइफर्ट, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चापमन, डेरिल मिचेल, जिमी नीशम, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन और मैट हेनरी।
Created On :   14 Feb 2026 10:58 PM IST













