Auqib Nabi Joins Team India: ट्रोलिंग के बाद BCCI का बड़ा फैसला, टीम इंडिया में हुई आकिब नबी की एंट्री, क्या बनेंगे प्लेइंग-11 का हिस्सा?

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच 6 जून से शुरू हो रहा है। इस मैच के लिए बीसीसीआई ने पहले ही 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया था। लेकिन, मुकाबला शुरू होने के तीन दिन पहले बोर्ड ने बड़ा ऐलान किया है। जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को टीम में शामिल किया गया है। इससे पहले जब स्क्वॉड अनाउंस हुआ था तब नबी उसका हिस्सा नहीं थे, जिस पर फैंस से लेकर पूर्व खिलाड़ियों ने बीसीसीआई की आलोचना की थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वह बैकअल खिलाड़ी के रूप में टीम इंडिया के साथ ट्रेनिंग कर रहे हैं। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने एक सूत्र के हवाले से बताया कि आकिब नबी समेत 6 अन्य गेंदबाजों को टीम इंडिया के कैम्प में बुलाया गया है। बताया गया है कि टीम के दो प्रमुख तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा एक हफ्ते के अंदर 3 मैच खेलेंगे, साथ ही यात्रा भी करेंगे। इस कंडीशन में उनका बल्लेबाजों को नेट्स पर अभ्यास करवाना बहुत कठिन होगा।
नबी की टीम इंडिया के कैंप में एंट्री को भविष्य की योजनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है। वह अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट जरूर न खेल पाएं, लेकिन सेलेक्टर्स उन पर करीबी से नजर बनाए हुए हैं। उन्हें आगामी सीरीजों के लिए विकल्प के रूप में देख रहे हैं। इसी साल अक्टूबर में भारतीय टीम को न्यूजीलैंड का दौरा करना है। वहां की पिच तेज गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती हैं, ऐसे में नबी का चयन सीरीज के लिए हो सकता है।
यह भी पढ़े -आईसीसी से मेंबरशिप निलंबित होने पर क्रिकेट कनाडा ने दिया जवाब, बोले- यह फैसला अप्रत्याशित
रणजी में किया था धमाकेदार प्रदर्शन
आकिब नबी पिछले साल रणजी ट्रॉफी में अपने शानदार प्रदर्शन के बाद चर्चा में आए थे। जम्मू-कश्मीर के इस तेज गेंदबाज ने अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। वह टीम के लिए टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बॉलर भी थे। उनके फर्स्ट क्लास करियर पर नजर डालें तो 10 मुकाबलों में उनके नाम 60 विकेट दर्ज है। इस दौरान उनका औसत 12.56 का रहा है जो कि शानदार है। अपने करियर में नबी ने 7 बार 5 विकेट लिए हैं। इतने शानदार प्रदर्शन के बाद भी जब उनकी जगह गुरनूर बराड़ को भारतीय टीम में शामिल किया गया तो चयनकर्ताओं को जमकर ट्रोल किया गया था।
Created On :   2 Jun 2026 6:18 PM IST








