IND-AFG ODI Series: हार्दिक पांड्या और रोहित शर्मा को BCCI का अल्टीमेटम, फिटनेस साबित न कर पाए तो होना पड़ेगा टीम से बाहर

हार्दिक पांड्या और रोहित शर्मा को BCCI का अल्टीमेटम, फिटनेस साबित न कर पाए तो होना पड़ेगा टीम से बाहर
भारतीय टीम 13 जून से अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी। इससे पहले टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और सीनियर प्लेयर रोहित शर्मा और स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को अपनी फिटनेस साबित करनी होगी।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भारतीय टीम 13 जून से अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी। इससे पहले टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और सीनियर प्लेयर रोहित शर्मा और स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को अपनी फिटनेस साबित करनी होगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बोर्ड ने स्पष्ट कहा है कि उन्हें पहले सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) से फिटनेस क्लियरेंस पानी होगी।

बात करें हार्दिक पांड्या की तो उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा जरूर बनाया गया है, लेकिन इसके साथ फिटनेस को लेकर शर्त भी रखी गई है। कहा जा रहा है कि हार्दिक आज बेंगलुरु में स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पहुंच चुके हैं, जहां वो एक हफ्ते से ज्यादा का समय बिताएंगे।

सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में फिटनेस के सभी मानकों पर खरा उतरने के बाद ही उनके अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में बने रहने पर आखिरी फैसला लिया जाएगा। बता दें कि हाल ही में संपन्न हुए आईपीएल के दौरान हार्दिक को पीठ में ऐठन की समस्या हो गई थी, जिसके चलते वह टूर्नामेंट के कुछ मैच नहीं खेल पाए थे।

रोहित के लिए भी यही शर्त

हार्दिक ही नहीं, रोहित शर्मा के सामने भी बीसीसीआई ने यही शर्त रखी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्हें भी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिपोर्ट करने को कहा गया है। उन्हें भी आईपीएल के दौरान हैमस्ट्रिंग इंजरी हो गई थी। हालांकि आईपीएल में उनकी टीम मुंबई के हेड कोच महेला जयवर्द्धने का कहना है कि रोहित पूरी तरह से स्वस्थ हैं। उन्हें इंजरी से उबरने के लिए पर्याप्त समय दिया गया था। जब तक रही उनके इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में खेलने की बात तो एक रणनीति के तहत उन्हें शामिल किया गया था।

अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की वनडे टीम

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बरार और हर्ष दुबे।

सीरीज की बात करें इसका पहला मुकाबला 13 जून को धर्मशाला में, दूसरा 17 जून को लखनऊ में और तीसरा व आखिरी मैच 20 जून को चेन्नई में खेला जाएगा।

Created On :   2 Jun 2026 7:11 PM IST

Tags

Next Story