IPL 2026 Controversies: रियान पराग के वेपिंग कांड से लेकर विराट-हेड की फाइट तक, आईपीएल 2026 के इन 5 विवादों ने बटोरीं सुर्खियां

रियान पराग के वेपिंग कांड से लेकर विराट-हेड की फाइट तक, आईपीएल 2026 के इन 5 विवादों ने बटोरीं सुर्खियां
हर बार की तरह इस बार का आईपीएल सीजन भी विवादों से अछूता नहीं रहा। रियान पराग के वेपिंग कांड से लेकर विराट कोहली और ट्रेविस हेड के बीच हुई लड़ाई तक, सभी ने लोगों का ध्यान खींचा।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। आईपीएल 2026 की समाप्ति हो गई है। रविवार को खेले गए खिताबी मुकाबले में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। 28 मार्च से लेकर 31 मई तक चले इस टूर्नामेंट ने लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। हर बार की तरह इस बार का आईपीएल सीजन भी विवादों से अछूता नहीं रहा। रियान पराग के वेपिंग कांड से लेकर विराट कोहली और ट्रेविस हेड के बीच हुई लड़ाई तक, सभी ने लोगों का ध्यान खींचा। आईए जानते हैं सीजन के 5 बड़े विवादों के बारे में...

टिम डेविड ने किया अभद्र इशारा

बेंगलुरु को लगातार दूसरी बार आईपीएल का विनर बनाने में अपना अहम योगदान देने वाले टिम डेविड पर इस अभद्र इशारे करने का आरोप लगा। बात मुंबई और बेंगलुरु के बीच खेले गए मैच की है। टिम डेविड लाइव मैच के दौरान डगआउट से मिडिल फिंगर दिखाते हुए कैमरे में कैद हो गए। उनके इस व्यवहार पर जमकर विवाद हुआ। इस मामले में बीसीसीआई ने बड़ा एक्शन लेते हुए उनकी 30 फीसदी मैच फीस काटी और दो डिमेरिट पॉइंट्स भी काटे।

कोहली-हेड की फाइट

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले गए आखिरी लीग मैच में कुछ ऐसा हुआ, जिसने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं। मुकाबले में विराट कोहली और ट्रेविस हेड के बीच जुबानी जंग देखने को मिली। मामला इतना ज्यादा बढ़ गया कि कोहली ने मैच खत्म होने के बाद हेड से हाथ तक नहीं मिलाया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, बेंगलुरु की बैटिंग के दौरान ट्रेविस हेड विराट कोहली की बैटिंग को लेकर कुछ कह रहे थे, जिस पर कोहली ने कहा कि वो खुद बॉलिंग करें। जब विराट कोहली आउट हुए तो हेड ने उन्हें ये कहते हुए ताना मारा कि वो उनके बॉलिंग करने से पहले ही आउट हो गए।

अंगकृष रघुवंशी का रनआउट

कोलकाता नाइट राइडर्स के विकेटकीपर बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी का लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ मैच में रनआउट होने पर भी बड़ा विवाद हुआ। उन्हें मैच में ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड' यानी फील्डिंग में बाधा डालने पर अंपायर ने आउट करार दे दिया था। वह इस तरह से आउट होने वाले आईपीएल इतिहास के चौथे खिलाड़ी बने थे।

दरअसल, रनआउट से बचने के लिए अंगकृष वापस क्रीज की ओर भागे, इस दौरान उन्हें लखनऊ के फील्डर द्वारा विकेटों पर फेकीं गई गेंद लग गई। लखनऊ की ओर से अपील की गई, जिसके बाद अंपायर ने उन्हें आउट दे दिया। इस तरह आउट होने पर अंगकृष गुस्सा गए, उन्होंने फील्ड अंपायर से इसे लेकर बहस भी की।

रियान पराग वेपिंग कांड

आईपीएल 2026 का एक और फेमस विवाद 'रियान पराग वेपिंग कांड' रहा। पंजाब किंग्स के खिलाफ हुए मैच में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान ड्रेसिंग रूम में वेप (ई-स्मोकिंग) करते हुए दिखाई दिए। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद तरह-तरह की बातें होने लगी। यह तक कहा गया कि इस हरकत के लिए शायद उन्हें जेल भी जाना पड़ सकता है। क्योंकि ई-स्मोकिंग भारत में बैन है।

बीसीसीआई ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए रियान पराग की 25 फीसदी मैच फीस काट दी। साथ ही एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया।

अंपायर से भिड़े नीतीश राणा

चेन्नई और दिल्ली के बीच चेपॉक में खेले गए लीग मैच के दौरान भी जबरदस्त विवाद देखने को मिला। दरअसल, मैच में दिल्ली की पारी के 19वें ओवर में ट्रिस्टन स्टब्स पसीने की वजह से अपने ग्लव्स बदलना चाहते थे। लेकिन, 'पेस ऑफ प्ले' (खेल की गति बनाए रखने के) नियमों का हवाला देते हुए अंपायर ने उन्हें इसकी परमिशन नहीं दी। अगले ही गेंद पर वह आउट हो गए। इस फैसले से डगआउट में बैठे दिल्ली के प्लेयर नीतीश राणा नाराज दिखे, उन्होंने अंपायर से इसे लेकर तीखी बहस भी की।

राणा इस हरकत पर बीसीसीआई ने कड़ा एक्शन लेते हुए मैच फीस का 25 फीसदी जुर्माना लगाया, साथ ही एक डिमेरिट पाइंट भी दिया।

Created On :   1 Jun 2026 7:12 PM IST

Tags

Next Story