RCB IPL 2026 Winning Factors: टॉप ऑर्डर की शानदार बैटिंग से लेकर संतुलित बॉलिंग अटैक तक, इन 5 कारणों से दोबारा आईपीएल चैंपियन बनी बेंगलुरु

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। दो साल पहले तक रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को आईपीएल की 'अंडरअचीवर' और चोकर्स कहा जाता था। लेकिन, अब टीम ने लगातार दो आईपीएल खिताब जीतकर पूरी कहानी ही बदल दी। रविवार को खेले गए आईपीएल 2026 के फाइनल में गुजरात को 5 विकेट से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। रजत पाटीदार महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा के बाद आईपीएल इतिहास के तीसरे ऐसे कप्तान बन गए, जिनकी टीम बैक-टू-बैक दो सीजन में चैंपियन बनी है।
आरसीबी के इस शानदार प्रदर्शन की सबसे बड़ी वजह यह रही कि वो किसी एक प्लेयर पर निर्भर होकर पूरा टूर्नामेंट नहीं खेली। बैटिंग में जहां विराट कोहली के अलावा रजत पाटीदार और देवदत्त पडिक्कल ने रन बनाए। वहीं भुवनेश्वर कुमार के अलावा रसिख सलाम और जोश हेजलवुड ने भी गेंदबाजी में शानदार योगदान दिया। यही वजह रही टीम के 8 खिलाड़ी प्लेयर ऑफ द मैच बने। आइए जानते हैं वो 5 कारण जिनके चलते आरसीबी ने लगातार दूसरी साल खिताब पर कब्जा जमाया...
यह भी पढ़े -आरसीबी की जीत पर अनुष्का शर्मा ने विराट कोहली को किया किस, गौहर खान समेत कई सेलेब्स ने लुटाया प्यार
टॉप ऑर्डर की शानदार बैटिंग
बेंगलुरु की इस सीजन में जीत का सबसे बड़ा कारण तो उसकी बल्लेबाजी रही, खासकर टॉप ऑर्डर की। टीम के सबसे बड़े बैटर और ओपनर विराट कोहली ने इस सीजन में 16 मैच खेलकर 675 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट करीब 166 का रहा। इस दौरान उनके बल्ले से 5 अर्धशतक और 1 शतक निकला। फाइनल मुकाबले में उन्होंने नाबाद 75 रन की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई।
विराट के अलावा कप्तान रजत पाटीदार ने भी सीजन में आक्रमक बैटिंग की। उन्होंने 15 मैचों में 501 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट करीब 193 का रहा। वहीं देवदत्त पडिक्कल ने भी तीसरे स्थान पर आकर कई बार टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उन्होंने सीजन में 464 रन बनाए।
संतुलित बॉलिंग अटैक
बीते कई सीजनों से उलट इस बार बेंगलुरु की गेंदबाजी काफी कसी हुई नजर आई। टीम में तेज और स्पिन गेंदबाजों का गजब का कॉम्बिनेशन था। टीम के लिए भुवनेश्वर कुमार सबसे सफल रहे। उन्होंने अपनी स्विंग गेंदों पर कई बल्लेबाजों को पवेलियन चलता किया। भुवनेश्वर ने सीजन में 16 मैच खेले और 28 विकेट झटके। उनके अलावा रसिख सलाम ने 12 मैचों में 19 और जोश हेजलवुड ने 12 मैचों में 15 विकेट झटके।
इन तेज गेंदबाजों के अलावा स्पिन गेंदबाजों ने भी आरसीबी को चैंपियन बनाने में अहम योगदान दिया। जब टीम के तेज गेंदबाज विकेट लेने में असफल होते तो स्पिनर्स ये काम करते। टीम के लिए क्रुणाल पांड्या और सुयश शर्मा ने मिलकर कुल 23 विकेट लिए।
क्रुणाल पांड्या की बात करें तो वह आईपीएल 2026 के सबसे बड़े ऑलराउंडर साबित हुए। उन्होंने बैटिंग में 226 रन बनाए और गेंदबाजी में 14 विकेट झटके।
यह भी पढ़े -'बेबी बॉस' को देख खुद को रोक नहीं पाए विराट कोहली, भीड़ को चीर कर खुद मिलने पहुंचे, कंधे पर हाथ रख दिया 'गुरुमंत्र', फैन्स को पसंद आ रहा वीडियो
मैच विनर्स की भरमार
कोई भी टीम चैंपियन तब बनती है जब उसमें कोई एक नहीं बल्कि ढेर सारे मैच विनर हों। आरसीबी में ऐसे प्लेयर्स की कोई कमी नहीं थी। आईपीएल 2026 में आरसीबी के 8 खिलाड़ी प्लेयर ऑफ द मैच बने। विराट कोहली ने सबसे ज्यादा तीन बार यह अवॉर्ड अपने नाम किया, वहीं हेजलवुड दो बार चुने गए। इनके अलावा जोश हेजलवुड 2 बार और टिम डेविड, जैकब डफी, वेंकटेश अय्यर, भुवनेश्वर कुमार, रजत पाटीदार और फिल सॉल्ट ने एक-एक बार मैच के बेस्ट प्लेयर का अवॉर्ड अपने नाम किया।
इसका मतलब है कि टीम अपनी जीत के लिए किन्हीं एक-दो खिलाड़ियों पर निर्भर नहीं थी। अलग मैच में अलग खिलाड़ी टीम की जीत का हीरो बना। जब कोई एक खिलाड़ी नहीं चला तो दूसरे ने कमान संभाली और टीम को जीत दिलाई।
होम ग्राउंड को बनाया मजबूत किला
इस आईपीएल सीजन में टीमों को अपने घरेलू मैदान पर जीत नहीं मिली, लेकिन इसके उलट आरसीबी ने अपने करीब 87 फीसदी मैच जीते। टीम ने अपने होम ग्राउंड चिन्नास्वामी स्टेडियम और रायपुर का शहीद वीरनारायण स्टेडियम पर बंपर जीत हासिल कीं। अगर पिछले सीजन से तुलना करें तो आरसीबी को अपने होमग्राउंड में खेले गए 6 मैचों में से 3 में हार का सामना करना पड़ा था। दो में उसे जीत मिली थी जबकि एक बेनतीजा रहा था।
लेकिन, इस बार टीम ने अपने होम ग्राउंड पर खेले गए 7 मैचों में से 6 में जीत हासिल की। उसने सनराइजर्स हैदराबाद, चेन्नई सुपर किंग्स, लखनऊ सुपर जायंट्स और गुजरात टाइटंस जैसी मजबूत टीमों को हराया। केवल दिल्ली के खिलाफ ही उसे हार का सामना करना पड़ा।
कोहली का 'विराट' फॉर्म
इन कारणों के अलावा विराट कोहली की शानदार फॉर्म भी बेंगलुरु की जीत की बड़ी वजहों में से एक रही। उन्होंने इस सीजन में कई मौकों पर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। वह टीम की स्थिति के हिसाब से खेले और जीत में अहम योगादान दिया। खास बात यह रही कि चोटिल होने की वजह से टीम के ओपनिंग कॉम्बिनेशन में बदलाव का भी विराट की बल्लेबाजी पर असर नहीं पड़ा, उन्होंने अपनी लय बरकरार रखी। कोहली ने इस सीजन में 16 मैच खेलकर 675 रन बनाए।
इन सब के साथ ही टीम के कप्तान रजत पाटीदार की कप्तानी भी शानदार रही। उन्होंने अपने बल्लेबाजों और गेंदबाजों का सही समय पर इस्तेमाल किया। खुद बैटिंग के जरिए भी टीम की जीत में योगदान दिया। इन सब कारणों से आरसीबी टूर्नामेंट की नंबर वन टीम बनी।
Created On :   1 Jun 2026 4:53 PM IST







