SRH Vs RCB: हैदराबाद ने बेंगलुरु को दिया 256 रन का विशाल टारगेट, अभिषेक और क्लासेन की फिफ्टी, ईशान ने बनाए 79 रन

डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। आईपीएल 2026 का 67वां मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच खेला जा रहा है। हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीता बल्लेबाजी चुनी। टीम ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 255 रन बनाए।
अभिषेक और हेड ने दिलाई तूफानी शुरुआत
अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने हैदराबाद को तूफानी शुरुआत दिलाई। दोनों ने केवल 4 ओवर में स्कोर बोर्ड पर 45 रन लगा दिए। हेड 26 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद अभिषेक ने ईशान किशन के साथ मिलकर अर्धशतकीय साझेदारी की। अभिषेक शर्मा 22 गेंदों पर 4 चौके 5 छक्कों की मदद से 56 रन बनाकर आउट हुए।
ईशान-क्लासेन ने ठोकीं फिफ्टी
अभिषेक के आउट होने के बाद ईशान किशन ने क्लासेन के साथ धमाकेदार बैटिंग करना जारी रखा। दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए केवल 8 ओवरों में 113 रन की साझेदारी की और टीम के स्कोर को 200 रन के पार पहुंचाया। ईशान ने 46 गेंदों पर 8 चौके 3 छक्कों की सहायता से 79 रन बनाए। वहीं क्लासेन 24 गेंदों पर 51 रन बनाकर आउट हुए। नीतीश कुमार रेड्डी 12 गेंदों पर 29 रन बनाकर नाबाद रहे।
बेंगलुरु की ओर से उसके प्रमुख गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और हेजलवुड काफी खर्चीले साबित हुए। दोनों को आज कोई विकेट भी नहीं मिला। टीम की ओर से रसिख सलाम ने दो और सुयश शर्मा व क्रुणाल पांड्या ने 1-1 विकेट लिया।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
सनराइजर्स हैदराबाद - अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासन, सलिल अरोड़ा, आर स्मरण, नीतीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु - विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), वेंकटेश अय्यर, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, रसिख सलाम, सुयश शर्मा।
Created On :   22 May 2026 9:44 PM IST






