IPL 2026: गुजरात ने चेन्नई को 89 रन से हराया, प्लेऑफ की रेस से बाहर हुई CSK, बल्लेबाजों के बाद GT की शानदार बॉलिंग

डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। आईपीएल 2026 के 66वें मैच में गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपरकिंग्स को 89 रन के बड़े अंतर से हरा दिया। यह आईपीएल में गुजरात की सबसे बड़ी जीत, वहीं चेन्नई की सबसे बड़ी हार है। इसी के साथ चेन्नई की टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई। वहीं गुजरात ने टॉप-2 में अच्छी स्थिति मजबूत कर ली।
अपने होमग्राउंड नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात ने टॉस हारकर पहले बैटिंग की। टीम ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 229 रन बनाए। जबाव में चेन्नई की टीम 13.4 ओवर में 140 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से शिवम दुबे ने सबसे ज्यादा 47 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 17 गेंदों का सामना किया और 4 चौके व इतने ही छक्के जड़े। उनके अलावा टीम का अन्य बल्लेबाज ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सका। गुजरात की तरफ से उसके तीनों प्रमुख गेंदबाज मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा और राशिद खान ने 3-3 विकेट झटके।
इससे पहले गुजरात ने कप्तान शुभमन गिल के 64, साईं सुदर्शन के 84 और जोस बटलर के नाबाद 57 रन की बदौलत 229 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। तीनों ने ही चेन्नई के गेंदबाजों की गेंदों पर जमकर रन बटोरे। चेन्नई की ओर से मुकेश कुमार, स्पेंसर जॉनसन और अंशुल कंबोज को 1-1 विकेट मिला।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
गुजरात टाइटंस - शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राशिद खान, राहुल तेवतिया, अरशद खान, कगिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज।
चेन्नई सुपर किंग्स - ऋतुराज गायकवाड (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), उर्विल पटेल, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, मैथ्यू शॉर्ट, अंशुल कंबोज, नूर अहमद, स्पेंसर जॉनसन, मुकेश चौधरी और गुरजपनीत सिंह।
Created On :   21 May 2026 11:21 PM IST





