Hong Kong Sixes 2026: भारत की शर्मनाक हार, 13 गेंद बाकी रहते पाकिस्तान ने चेज किया टारगेट, क्रुणाल पांड्या और नीतीश राणा समेत कई स्टार प्लेयर रहे फ्लॉप

भारत की शर्मनाक हार, 13 गेंद बाकी रहते पाकिस्तान ने चेज किया टारगेट, क्रुणाल पांड्या और नीतीश राणा समेत कई स्टार प्लेयर रहे फ्लॉप
हॉन्गकॉन्ग इंटरनेशनल सिक्सेस टूर्नामेंट में भारत की शुरुआत खराब रही। टीम को अपने ओपनिंग मुकाबले में चिर-प्रतिद्वंदी पाकिस्तान के हाथों 4 विकेट से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। हॉन्गकॉन्ग इंटरनेशनल सिक्सेस टूर्नामेंट में भारत की शुरुआत खराब रही। टीम को अपने ओपनिंग मुकाबले में चिर-प्रतिद्वंदी पाकिस्तान के हाथों 4 विकेट से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा।

पहले बैटिंग करते हुए टीम इंडिया ने 6 ओवर में 5 विकेट पर 88 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान ने केवल 3.5 ओवर में 2 विकेट पर 91 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। पाकिस्तान ने 13 गेंद शेष रहते 89 रन का टारगेट हासिल किया।

भारत की खराब बैटिंग

टूर्नामेंट के ग्रुप-सी के इस मुकाबले में भारत की शुरुआत खराब रही। राहुल त्रिपाठी 9 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद नीतीश राणा भी कुछ खास नहीं कर सके और 14 गेंदों में 19 रन बनाकर पवेलियन रवाना हो गए। उनसे बल्ले पर बॉल ढंग से कनेक्ट ही नहीं हो पा रही थी, इसके वह रिटायर्ड हर्ट हो गए। राहुल तेवतिया और कप्तान क्रुणाल पंड्या खाता भी नहीं खोल सके।

ऐसे में शशांक सिंह ने 11 गेंदों पर 40 रन बनाकर टीम इंडिया को 88 रन के ठीकठाक स्कोर तक पहुंचाया। शशांक ने अपनी पारी में 2 चौके व 5 छक्के जड़े।

पाकिस्तान ने 13 गेंदें बाकी रहते चेज किया टारगेट

89 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम के बल्लेबाजों ने धमाकेदार शुरुआत की। ख्वाजा नफे और अब्बास अफरीदी ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर खबर ली। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए केवल 13 गेंदों में 59 रन की साझेदारी हुई। अब्बास 8 गेंदों पर 35 रन बनाकर शशांक सिंह का शिकार बने।

ख्वाजा नफे ने भी तेजी से रन बनाए। उन्होंने 12 गेंदों पर 41 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 2 चौके व 5 छक्के लगाए।

भारतीय कप्तान क्रुणाल पांड्या बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी में भी फ्लॉप रहे। उन्होंने अपने एक ओवर में 31 रन दे दिए। भारत की तरफ से गेंदबाजी में राहुल तेवतिया और शशांक सिंह को एक-एक सफलता मिली।

हॉन्गकॉन्ग सिक्सेस के नियम

इस टूर्नामेंट में भाग लेने वाली हर टीम में 6-6 खिलाड़ी होते हैं। इसके साथ हर पारी में 6-6 ओवर की ही होती है और प्रत्येक ओवर में 6 गेंदें फेंकी जाती हैं। एक टीम से विकेटकीपर को छोड़कर अन्य 5 खिलाड़ी गेंदबाजी कर सकते हैं। 5 में से एक खिलाड़ी 2 ओवर कर सकता है।

अगर 6 ओवर पूरे होने से पहले टीम के 5 विकेट गिर जाते हैं तो आखिरी बचा हुआ बल्लेबाज अकेला खेलता है। पांचवे बल्लेबाज को रनर बनाया जाता है। अगर रनर रन आउट या फिर फील्डिंग में बाधा पहुंचाने के लिए आउट होता है तो आखिरी बचा बैटर भी आउट माना जाता है। इसके बाद पारी समाप्त हो जाती है।

Created On :  

Tags

Next Story