ICC Hall of Fame: धोनी के नाम जुड़ी एक और उपलब्धि...आईसीसी हॉल ऑफ फेम में हुए शामिल, भारत को वनडे और टी-20 वर्ल्डकप समेत चैंपियंस ट्रॉफी में भी बनाया था चैंपियन

- आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल होने वाले 11वें भारतीय बने धोनी
- 6 अन्य दिग्गजों को भी किया शामिल
- भारत के सबसे सफल कप्तानों में शामिल हैं धोनी
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के नाम एक और उपलब्धि जुड़ गई है। उन्हें सोमवार को लंदन में हुए एक समारोह के दौरान आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया। वह इस सूची में शामिल होने वाले 11वें भारतीय हैं। धोनी के अलावा वर्ल्ड क्रिकेट के 6 दिग्गजों को भी हॉल ऑफ फेम में जगह दी गई है। ये दिग्गज हैं - ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ओपनर मैथ्यू हेडन, साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज कप्तान ग्रेम स्मिथ, साउथ अफ्रीका के ही दिग्गज बल्लेबाज हाशिम अमला, न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान और स्टार स्पिनर डेनियन वेट्टोरी और पाकिस्तान महिला टीम की पूर्व कप्तान सना मीर।
भारत को बनाया चैंपियन
साल 2004 में टीम इंडिया में डेब्यू करने वाले धोनी ने साल 2007 में भारतीय टीम की कमान संभाली थी। उन्हें पहले टी-20 विश्वकप में टीम इंडिया का कप्तान बनाया था। इस वर्ल्डकप को भारतीय टीम ने जीता था। इसके बाद साल 2011 में हुए वनडे वर्ल्डकप और साल 2013 में हुई चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब भी टीम इंडिया ने अपने नाम किया था। धोनी की ही कप्तानी में भारत पहली बार टेस्ट क्रिकेट की नंबर-1 टीम बनी थी।
2020 में लिया था संन्यास
धोनी के करियर की बात करें तो उन्होंने भारत के लिए 350 वनडे खेले, जिनमें उन्होंने 50 के शानदार औसत से 10,773 रन बनाए। इसके अलावा उन्होंने 90 टेस्ट और 98 टी-20 मैच भी खेले। टेस्ट में उन्होंने 38 के औसत से 4876 रन और टी-20 इंटरनेशनल में 1617 रन बनाए। धोनी ने साल 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से रिटायरमेंट का ऐलान किया था।
11वें भारतीय बने
देश के अलावा भारत की तरफ से आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल होने वाले खिलाड़ी हैं -
- कपिल देव (2009)
- सुनील गावस्कर (2009)
- बिशन सिंह बेदी (2009)
- अनिल कुंबले (2015)
- राहुल द्रविड़ (2018)
- सचिन तेंदुलकर (2019)
- वीनू मांकड़ (2021)
- डायना इडुलजी (2023)
- वीरेंद्र सहवाग (2023)
- नीतू डेविड (2024)
Created On :   9 Jun 2025 11:54 PM IST