Shubman Gill: कोहली के मुरीद हुए शुभमन गिल, जीत के बाद कहा- उन्होंने अकेले दम पर जिताए हैं कई मैच

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। वेस्टइंडीज को सीरीज के पहले मुकाबले में 8 विकेट से हराने के बाद कप्तान शुभमन गिल ने टीम के प्रदर्शन पर अपनी बात रखी है। गिल ने 108 रन की शानदार पारी खेली। मैच खत्म होने के बाद पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन में भारतीय टीम के कप्तान ने विराट कोहली के फॉर्म और कुलदीप यादव के मैच पलटने वाले स्पेल की जमकर तारीफ की।
अपनी शतकीय पारी पर बोलते हुए गिल ने कहा 'ईमानदारी से कहूं तो जब मैं आउट हुआ, तो मुझे लगा कि मुझे मैच खत्म करके वापस आना चाहिए था। अंत तक क्रीज पर मौजूद रहना और बेहतर होता लेकिन हां, यह मेरे लिए बहुत ही संतोषजनक पारी थी।' अल्जारी जोसेफ के खिलाफ फ्रंट फुट से खेला गया ड्राइव मेरा सबसे पसंदीदा शॉट था।
कुलदीप यादव के प्रदर्शन पर गिल ने कहा, 'मिडिल ओवर्स में कुलदीप जैसा गेंदबाज अगर अच्छी गेंदबाजी कर रहा है, तो वह हमारे लिए सबसे बड़ा विकेट-टेकर साबित होता है। उसने बार-बार यह साबित किया है और आज भी करके दिखाया। वेस्टइंडीज की ओपनिंग पार्टनरशिप और टॉप ऑर्डर की बल्लेबाजी से हम थोड़ा बैकफुट पर आ गए थे लेकिन कुलदीप ने हमें मैच में वापस ला दिया और अहम विकेट चटकाए। एक समय लग रहा था कि वे 340-350 रन बना लेंगे, लेकिन वहां से उन्हें 300 रनों पर रोकना हमारी टीम का बेहतरीन प्रयास था।'
गिल से पूछा गया कि बतौर कप्तान क्या वह विराट को अपने हिसाब से खेलने की छूट देते हैं, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, 'उन जैसे खिलाड़ी, जिन्होंने देश के लिए अनगिनत मैच जीते हैं और बार-बार ऐसा किया है, आप उन्हें बस अपने मनमुताबिक खेलने की पूरी आजादी देते हैं। जब वे अच्छी लय में होते हैं, तो अपने दम पर मैच जिता सकते हैं।'
Created On :   28 Sept 2026 12:14 AM IST












