Sanju Samson's Records: मुंबई के खिलाफ संजू सैमसन ने ठोका तूफानी, लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। चेन्नई सुपरकिंग्स ने गुरुवार को खेले गए आईपीएल 2026 के 33वें मैच में मुंबई इंडियंस को 103 रन से हरा दिया। चेन्नई की जीत के सबसे बड़े हीरो संजू सैमसन रहे, उन्होंने उन्होंने 54 गेंदों पर 10 चौके और 6 छक्कों की मदद से 101 रन की नाबाद पारी खेली। यह इस आईपीएल में उनका दूसरा शतक है। इस पारी की दम संजू सैमसन ने कई कीर्तिमान स्थापित किए। आइए जानते हैं उनके बारे में...
रोहित शर्मा की बराबरी पर पहुंचे
संजू सैमसन के आईपीएल करियर का यह पांचवां शतक है, जबकि टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने 3 शतक लगाए हैं। कुल 8 शतकों के साथ संजू अब रोहित शर्मा की बराबरी पर पहुंच गए हैं। दोनों खिलाड़ियों ने टी20 क्रिकेट में 8-8 शतक लगाए हैं। इस लिस्ट में विराट कोहली और अभिषेक शर्मा संयुक्त रूप से 'नंबर-1' हैं। इन खिलाड़ियों के नाम टी20 क्रिकेट में 9-9 शतक हैं।
मुंबई के खिलाफ शतक लगाने वाले पहले बैटर
संजू मुंबई इंडियंस के खिलाफ शतक लगाने वाले चेन्नई सुपर किंग्स के पहले बल्लेबाज बन गए। उनके अलावा, शेन वॉटसन, मुरली विजय और ऋतुराज गायकवाड़ ने एक ही आईपीएल सीजन में 2-2 शतक लगाए हैं। सैमसन साल 2018 में वॉटसन के बाद सीएसके के लिए एक ही सीजन में दो शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं।
मैच की बात करें तो मुंबई के होम ग्राउंड वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में मुंबई इंडियंस ने टॉस जीता और गेंदबाजी करने का फैसला किया। चेन्नई ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 207 रन बनाए। जवाब में मुंबई की टीम 19 ओवर में 104 रन पर सिमट गई।
चेन्नई की ओर से संजू सैमसन हाईएस्ट स्कोरर रहे। टीम का अन्य कोई बैटर 25 रन का आंकड़ा नहीं छू सका। मुंबई की ओर से अल्लाह गजनफर और अश्विनी कुमार ने 2-2 विकेट झटके।
गेंदबाजी के बाद बल्लेबाजी में तो मुंबई का प्रदर्शन और भी खराब रहा। टीम के टॉप थ्री बैटर 11 रन पर पवेलियन रवाना हो गए। इसके बाद सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा ने कुछ देर क्रीज पर जमने की कोशिश की, लेकिन वो इसमें सफल नहीं हो सके। तिलक ने 37 और सूर्या ने 36 रन बनाए। इन दोनों के अलावा टीम का कोई भी प्लेयर दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाया। चेन्नई की तरफ से अकील हुसैन ने घातक गेंदबाजी की। उन्होंने 4 ओवर में 17 रन देकर 4 विकेट झटके। संजू सैमसन को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
Created On :   24 April 2026 1:21 AM IST












