IPL 2026: लखनऊ के खिलाफ मैच में जोफ्रा आर्चर ने रचा इतिहास, बुमराह से लेकर हेजलवुड जैसे दिग्गजों को छोड़ा पीछे

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 के 32वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स को 40 रन से हराकर सीजन की पांचवी जीत दर्ज की। राजस्थान को इस जीत दिलाने में उनके मुख्य गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने बड़ा योगदान दिया। उन्होंने मैच में 4 ओवर किए और केवल 20 रन देकर लखनऊ के तीन बैटर्स को पवेलियन रवाना किया। इस दौरान आर्चर ने वो कर दिखाया जो आईपीएल के इतिहास में बड़े से बड़े गेंदबाज नहीं कर सके।
आईपीएल इतिहास के पहले गेंदबाज बने
दरअसल, आर्चर आईपीएल इतिहास के पहले ऐसे गेंदबाज बन गए हैं, जिन्होंने लखनऊ के स्टार बल्लेबाज निकोलस पूरन के सामने मेडन ओवर फेंका हो। निकोलस पूरन जो कि बीते 7 साल से आईपीएल खेल रहे हैं और 1400 से ज्यादा गेंदों का सामना करते हुए 2300 रन बना चुके हैं। लेकिन अभी तक आईपीएल में कोई ऐसा गेंदबाज नहीं था, जिसने उन्हें पूरा ओवर मेडन कराया हो। पर आर्चर ने यह कमाल कर दिखाया।
खराब फॉर्म में चल रहे निकोलस पूरन जोफ्रा की गेंदों का सामना करने में बेबस नजर आए। आर्चर का आईपीएल में यह चौथा मेडन ओवर है। उन्होंने इस मामले में राशिद खान और मोहम्मद सिराज जैसे गेंदबाजों की बराबरी कर ली है।
वहीं बात करें निकोलस पूरन की तो वह बहुत खराब फॉर्म में चल रहे हैं। अब इस सीजन में उनका प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है। उन्होंने इस सीजन में 7 मैच खेले हैं और केवल 73 रन बनाए हैं। उनका बेस्ट स्कोर 22 है, जो कि उन्होंने आज के ही मैच में बनाया है। बताते चलें कि उन्हें लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपनी टीम में 21 करोड़ की भारी भरकम रकम में शामिल किया है।
Created On :   23 April 2026 12:37 AM IST










