IPL 2026: 'पापा को दिखाइए...', जब अभिषेक शर्मा ने कैमरामैन से की खास अपील

पापा को दिखाइए..., जब अभिषेक शर्मा ने कैमरामैन से की खास अपील
दिल्ली के खिलाफ मैच में अभिषेक शर्मा ने नाबाद 135 रन की तूफानी पारी खेली

डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। आईपीएल 2026 में मंगलवार को दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबला खेला गया। इस मैच में हैदराबाद ने अभिषेक शर्मा के शानदार शतक की बदौलत दिल्ली को 47 रन से मात दी। अभिषेक ने केवल 68 गेंदों पर 10 चौके और इतने ही छक्के जड़कर नाबाद 135 रन की पारी खेली। इस पारी के दौरान उन्होंने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। जब अभिषेक मैदान पर चौकों-छक्कों की बारिश कर रहे थे, उस समय उनके पिता राजकुमार शर्मा साइटस्क्रीन के पास बैठकर अपने बेटे को इतिहास रचते हुए देख रहे थे।

इस यादगार इनिंग के बाद अभिषेक इमोशनल नजर आए और अपनी सफलता का क्रेडिट पिता को दिया। मैच प्रेजेंटेशन के समय उन्होंने ब्रॉडकास्टर्स से रिक्वेस्ट करते हुए कहा, 'अगली बार मैं चाहता हूं कि ब्रॉडकास्टर्स एक कैमरा मेरे पिता की तरफ भी रखें। उनके रिएक्शंस देखना वाकई मजेदार होगा। यह कमाल की बात है कि मैं जब भी उनकी तरफ देखता हूं, वह मुझे देख रहे होते हैं और मुझे इंस्ट्रक्शंस दे रहे होते हैं। इससे मुझे काफी मदद मिलती है।' उन्होंने आगे कहा कि परिवार और दोस्तों के सामने प्रदर्शन करना हमेशा खास होता है।

शुरुआत से मिला पिता का सपोर्ट

अभिषेक ने बताया कि उनके पिता उनके क्रिकेट जर्नी के शुरुआती दिनों से उसके साथ रहे हैं। उन्होंने कहा, 'सच बोलूं तो मुझे नहीं पता कि यह कैसे होता है, लेकिन मेरे पिता मेरे अंडर-12 के दिनों से ही हमेशा स्क्रीन या साइटस्क्रीन के पास बैठे रहते हैं। हैदराबाद में भी वो वहीं बैठे थे। जब भी मैं नॉन-स्ट्राइकर एंड पर होता हूं, वह मुझे इशारों में बताते हैं कि कैसे खेलना है। सालों से यह सिलसिला जारी है।'

बहन को समर्पित की पारी

अभिषेक शर्मा ने नाबाद 135 रन की इस बेहतरीन पारी को अपनी बहन को समर्पित किया, जो कि बीमारी के चलते मैच देखने स्टेडियम में नहीं आ सकीं। वहीं, अभिषेक शर्मा की इस पारी पर उनके मेंटॉर और भारत के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर युवराज सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, बल्ले को काम करने दो! हर दिन बेहतर हो रहे हो, बहुत अच्छा खेले सर अभिषेक! अपनी प्रोसेस पर ध्यान देते रहो।'

Created On :   22 April 2026 6:39 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story