Duleep Trophy 2026: दलीप ट्रॉफी के फाइनल में भिड़े वैभव सूर्यवंशी और तिलक वर्मा, स्लेज किया..सीने पर हाथ मारा, देखें VIDEO

डिजिटल डेस्क, चेन्नई। चेन्नई में ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच दलीप ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला खेला जा रहा है। पहले दिन टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए ईस्ट जोन ने 77 ओवर में 4 विकेट पर 375 रन बना लिए हैं। टीम को वैभव सूर्यवंशी और अभिमन्यू ईश्वरन ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी हुई। 15 साल के वैभव ने अपने आक्रमक अंदाज में खेलते हुए ईस्ट जोन को तूफानी शुरुआत दिलाई। इस दौरान उन्हें साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा ने स्लेज किया। इसके बाद दोनों के बीच गरमागरमी का माहौल बन गया।
मामले को बढ़ता देख अंपायर को स्थिति संभालने के लिए बीच में आना पड़ा। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
देखें वीडियो
वैभव और तिलक के बीच बहस ईस्ट जोन की पारी के 11वें ओवर में हुई। तिलक लगातार वैभव को स्लेज कर रहे थे। उन्होंने कहा, 'क्या यार, ये वाइस कैप्टन है।' उनके व्यवहार से ऐसा लग रहा था कि वे वैभव को उकसाने का प्रयास कर रहे हैं ताकि वे गुस्सा में कोई गलती करें और अपना विकेट गंवा दें। उस समय वैभव शानदार बैटिंग कर रहे थे। वे साउथ जोन के प्राइम बॉलर मोहम्मद सिराज के एक ओवर में 2 चौके व 1 छक्का लगा चुके थे।
वायरल वीडियो में नजर आ रहा है कि कुछ समय बाद तिलक वैभव की तरफ आए। उनकी तरफ कुछ इशारा किया और सीने पर हाथ मारा। वहीं वैभव भी उनके सामने आकर खड़े हो गए। दोनों कुछ समय तक एक दूसरे के सामने खड़े रहे और कुछ बोलते दिखाई दिए। जब अंपायर ने उन्हें देखा तो वह बीच-बचाव कर उन्हें अलग किया। हालांकि हो सकता है कि दोनों के बीच कोई सीरियस बात न हो, वे बस मजाक कर रहे हों।
Created On :   6 Sept 2026 5:25 PM IST












