ENG Vs PAK: पाकिस्तान क्रिकेट पर फिर मंडराया फिक्सिंग का साया, एक्शन में PCB, प्लेयर्स के मोबाइल किए जब्त!

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। पाकिस्तान क्रिकेट टीम इंग्लैंड के दौरे पर है जहां वो तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रही है। शुरुआत के दो मुकाबलों में टीम को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। लॉर्ड्स मैच में हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने कड़े फैसले लिए, जिनमें टीम से 7 खिलाड़ियों व 2 कोचों की छुट्टी और खिलाड़ियों का मोबाइल जब्त करना है।
पीसीबी के इस फैसले को पहले टीम के खराब प्रदर्शन के बाद उठाया गया कदम माना जा रहा था। लेकिन, अब एक ऐसी रिपोर्ट् सामने आई है जिससे पाकिस्तान क्रिकेट दोबारा शर्मसार हो सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक एक बार फिर पाकिस्तान क्रिकेट में फिक्सिंग के बादल मंडरा रहे हैं। सोमवार को पीसीबी के मीडिया और डिजिटल कम्युनिकेशन डायरेक्टर आमिर मीर ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी किया, जिसमें उन्होंने बताया कि पीसीबी ने एक आंतरिक जांच शुरू की है।
आमिर मीर ने लिखा, 'अनुशासन और व्यवहार से जुड़ी मीडिया रिपोर्ट्स के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने एक आंतरिक अनुशासनात्मक जांच शुरू की है, जिसका अभी इंटरनल रिव्यू किया जा रहा है। PCB इस तरह के मामलों को अपनी मानक प्रक्रियाओं के अनुसार संभालता है। यह प्रोसेस PCB के नियमों के तहत किया जा रहा है, जिससे यह पक्का किया जा सके कि सभी संबंधित व्यक्तियों पर उचित ध्यान दिया जाए।'
मीर ने आगे लिखा, 'इस समय कुछ प्लेटफॉर्म पर फैल रही किसी भी अटकलबाजी वाली रिपोर्ट या बगैर वेरिफाई किए गए दावों को, खासकर जो बाहरी विरोधी स्रोतों से आ रहे हों, उन्हें विश्वसनीय नहीं माना जाना चाहिए। पाकिस्तान बोर्ड इस समय और कोई कमेंट नहीं करेगा। बोर्ड स्टेकहोल्डर्स और आम जनता को सलाह देता है कि वे PCB की आधिकारिक जानकारी पर ही यकीन करें।'
हालांकि बोर्ड की ओर से यह नहीं स्पष्ट किया गया कि जांच किस मामले में हो रही है। एक अन्य रिपोर्ट में खिलाड़ियों के मोबाइल फोन जब्त होने का दावा किया गया है। हालांकि सभी खिलाड़ियों का मोबाइल जब्त हुआ है या फिर कुछ का ही, ये अभी साफ नहीं हो सका है।
इन सभी घटनाओं को 2010 के फिक्सिंग कांड से जोड़कर देखा जा रहा है। तब इंग्लैंड दौरे पर गई पाकिस्तान टीम में स्पॉट फिक्सिंग का मामला सामने आया था। इस समय टीम के कप्तान सलमान बट, तेज गेंदबाज मोहम्मद आसिफ और मोहम्मद आमिर को मैच फिक्सिंग का दोषी पाया गया था। तीनों को जेल हुई थी, साथ ही उन पर जु्र्माना भी लगाया गया था।
Created On :   7 Sept 2026 6:02 PM IST












