मादक पदार्थ: दो लाख किलो से अधिक अवैध मादक पदार्थ जब्त, यूपी सरकार का दावा

दो लाख किलो से अधिक अवैध मादक पदार्थ जब्त, यूपी सरकार का दावा
2 लाख 41 हजार किलोग्राम से अधिक अवैध मादक पदार्थ जब्त किया

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने दावा किया है कि वर्ष 2020 से लेकर अक्टूबर 2023 तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में छापेमारी कर 2 लाख 41 हजार किलोग्राम से अधिक अवैध मादक पदार्थ जब्त किया गया। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में 1,400 करोड़ से अधिक कीमत आंकी गयी है। वहीं, 40 हजार से अधिक मुदकमे दर्ज कर 45 हजार से अधिक सौदागरों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है। योगी सरकार द्वारा अवैध नशे के सौदागरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई से न केवल प्रदेश में अवैध नशे के कारोबार में भारी गिरावट दर्ज की गई है बल्कि इससे होने वाले अपराध पर भी लगाम लगी है।

एडीजी क्राइम एसके. भगत ने बताया कि तीन साल 10 माह में कुल 2,41,431 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ जब्त किया गया है। इसमें 1,94,346 किलोग्राम गांजा, 40,359 किलोग्राम डोडा (पोस्ता तृण), 2,032 किलोग्राम अफीम, 3,518 किलोग्राम चरस, 984 किलोग्राम हेरोइन (स्मैक), 186 किलोग्राम मार्फिन और 3.82 किलोग्राम कोकीन शामिल है। एनडीपीएस एक्ट के तहत अवैध नशे के सौदागरों के खिलाफ कुल 40,929 मुकदमे दर्ज कर कुल 45,823 लोगों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा गया।

उन्होंने बताया कि नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए गठित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने अक्टूबर-2023 तक 9,349.93 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ जब्त किया है। इसमें 43 किलोग्राम मार्फिन, 4.85 किलोग्राम हेरोइन (स्मैक), 79.22 किलोग्राम चरस, 35.89 किलोग्राम अफीम, 5965.15 किलोग्राम डोडा (पोस्ता तृण) और 3259.92 किलोग्राम गांजा शामिल है।

एएनटीएफ ने एनडीपीएस एक्ट के तहत 71 मुकदमे दर्ज कर 187 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा एएनटीएफ ने प्रदेश में संचालित तीन अवैध मादक पदार्थों के कारखानों को ध्वस्त किया है। इसमें 2 आगरा और एक बरेली का कारखाना शामिल हैं। एएनटीएफ डीआईजी अब्दुल हमीद ने बताया कि इस वर्ष अब तक प्रदेश के आठ जोन में 40,905 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ जब्त किया गया, जबकि अवैध नशे के सौदागरों के खिलाफ 6,013 मुकदमे दर्ज कर 7,539 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि सबसे अधिक कानपुर जोन में 10,816 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ जब्त किया गया, दूसरे नंबर पर वाराणसी जोन में 7,763 किलोग्राम, जबकि तीसरे नंबर पर मेरठ जोन में 4,626 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ जब्त किया गया। इसी तरह 7 पुलिस कमिश्नरेट में 13,961 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ जब्त किया गया, जबकि अवैध नशे के सौदागरों के खिलाफ 1322 मुकदमे दर्ज कर 1635 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

इसमें सबसे अधिक आगरा कमिश्नरेट ने 4,460 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ जब्त किया, वहीं दूसरे नंबर पर कानुपर कमिश्नरेट में 3,265 किलोग्राम, जबकि तीसरे नंबर पर गौतमबुद्धनगर में 2,703 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ जब्त किया गया।

--आईएएनएस

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   26 Nov 2023 8:44 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story