Bhopal Murder News: भोपाल में पूर्व IAS की हत्या के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन, 150 पुलिसकर्मी 4 राज्यों में कर रहे तलाश, सबूत मिटाने के लिए रची साजिश

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रिटायर्ड IAS ऑफिसर की हत्या के मामले में पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। पूर्व IAS राकेश अग्रवाल की उनके ही आलीशान मकान में चार दिन पहले बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। अब इस मामले में पुलिस ने मुख्य संदिग्ध और फरार केयरटेकर वरुण कुमार को गिरफ्तार करने के लिए 30 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है।
यह भी पढ़े -बंजारा आरक्षण की मांग के बीच युवक ने की आत्महत्या, अस्पताल में तोड़ा दम - जेब से मिली चिट्ठी
4 राज्यों में छापेमारी
शहर के टीटी नगर इलाके की असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) अंकिता खातरकर ने बताया कि आरोपी वरुण कुमार (33) को पकड़ने के लिए 12 विशेष टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों में 150 से ज्यादा पुलिसकर्मी शामिल हैं, जो देश के चार राज्यों में लगातार छापेमारी कर रहे हैं, ताकि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाए।
गला रेतकर की हत्या
पुलिस की जांच में यह सामने आया है कि 1982 बैच के मध्य प्रदेश कैडर के पूर्व IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल लंबे समय से बीमार थे। उनकी देखरेख के लिए पंजाब के पटियाला जिले (नाभा) के रहने वाले आरोपी वरुण कुमार को घटना से महज तीन दिन पहले ही काम पर रखा गया था। उस पर आरोप है कि 30 सितंबर को वरुण ने पूर्व IAS अधिकारी की गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद उनका मोबाइल लेकर घटनास्थल से फरार हो गया।
रातीबड़ पुलिस ने किया खुलासा
घटना की सूचना मिलने के बाद जब बुधवार तड़के इलाके की रातीबड़ पुलिस राकेश अग्रवाल के आवास पर पहुंची और कटा हुआ गला वाला शव बरामद किया, तब इस मामले का खुलासा हुआ। वहीं, पुलिस सूत्रों ने बताया कि जांच के दौरान मौके पर किसी भी तरह की हाथापाई या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। इससे पुलिस अधिकारियों को आशंका है कि आरोपी ने अचानक या सोते समय हमला कर दिया।
यह भी पढ़े -ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जांच के आदेश, दो दशक पुराने हत्या केस से बढ़ी मुश्किलें, विजिलेंस जांच के नतीजे पर टिकी नजर
सबूत मिटाने के लिए भयानक साजिश
बताया जा रहा है कि घटना को अंजाम देने के बाद साक्ष्य मिटाने और वारदात को हादसे में तब्दील करने के लिए आरोपी ने भयानक साजिश रची। उसने रसोई गैस सिलेंडर का पाइप हटा दिया और पास में ही बिजली से चलने वाली आयरन (प्रेस) को चालू छोड़ दिया। यह सब करने के बाद आरोपी मौके से भाग निकला, ताकि गैस रिसाव होने के बाद ब्लास्ट हो जाए और पूरा घर जलकर खाक हो जाए।
इन 4 राज्यों में पुलिस की कार्रवाई तेज
भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने आरोपी को पकड़ने के लिए 30 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। इसके बाद पुलिस ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी तेज कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले महाराष्ट्र के पुणे में काम कर चुका है। इस वजह से पुलिस मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार और महाराष्ट्र में विशेष सर्च ऑपरेशन चला रही है, ताकि आरोपी को जितनी जल्दी हो सके गिरफ्तार कर लिया जाए।
Created On :   4 Oct 2026 7:33 PM IST












