Amarnath Yatra 2026: ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों के बीच अमरनाथ यात्रा का पहला जत्था रवाना, बाबा बर्फानी के दर्शन करेंगे श्रद्धालु

‘हर-हर महादेव’ के जयकारों के बीच अमरनाथ यात्रा का पहला जत्था रवाना, बाबा बर्फानी के दर्शन करेंगे श्रद्धालु
57 दिवसीय वार्षिक अमरनाथ यात्रा शुक्रवार से विधिवत शुरू हो गई। यात्रा शुरू होने के साथ ही पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। देशभर के श्रद्धालुओं की लंबे समय से की जा रही अमरनाथ यात्रा की प्रतीक्षा अब पूरी होने वाली है। दरअसल, 57 दिवसीय वार्षिक अमरनाथ यात्रा शुक्रवार से विधिवत शुरू हो गई। सुबह तड़के श्रद्धालुओं का पहला जत्था पारंपरिक पहलगाम मार्ग और बालटाल मार्ग से ‘बम-बम भोले’ और 'हर-हर महादेव' के जयकारों के बीच कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ पवित्र अमरनाथ गुफा के दर्शन के लिए रवाना हुआ। प्रशासन ने यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और सुविधाजनक बनाने के लिए सुरक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन के व्यापक इंतजाम किए हैं।

सुरक्षा बलों के कड़े पहरे में श्रद्धालु

शुक्रवार को जम्मू स्थित भगवती नगर यात्री निवास से अमरनाथ यात्रा के पहले जत्थे को विधिवत रवाना किया गया। श्रद्धालु सुरक्षा बलों के कड़े पहरे में दो प्रमुख मार्गों—पहलगाम और बालटाल—से पवित्र अमरनाथ गुफा की ओर जा कर रहे हैं। यात्रा शुरू होने के साथ ही पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

यात्रा के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचने के लिए केंद्र और जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने बेजोड़ सुरक्षा व्यवस्था की है। मार्गों पर सेना, अर्धसैनिक बल, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त तैनाती की गई है। जगह-जगह सुरक्षा जांच, सीसीटीवी निगरानी, ड्रोन सर्विलांस और मेडिकल सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इंतजाम

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य शिविर, विश्राम स्थल, भोजन, पेयजल, शौचालय और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की व्यवस्था की गई है। मौसम और प्राकृतिक परिस्थितियों पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि आवश्यकता पड़ने पर यात्रियों को समय पर जानकारी और सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

श्रद्धालुओं से प्रशासन की अपील

इस बीच प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) के बाद ही यात्रा करें, निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें, मौसम संबंधी सलाह पर ध्यान दें और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतें। अधिकारियों का कहना है कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं और यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने के लिए सभी एजेंसियां समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं। यात्रा शुरू होने के साथ ही देशभर के शिवभक्तों में उत्साह का माहौल है और आने वाले दिनों में लाखों श्रद्धालुओं के बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पहुंचने की संभावना है।

Created On :   3 July 2026 4:59 PM IST

Tags

Next Story