Bada Mangal 2026: छठवां बड़ा मंगल कल, इस शुभ योग में करें हनुमान जी की पूजा, जानिए इस दिन का महत्व

डिजिटल डेस्क, भोपाल। अधिक मास के मंगलवारों में विशेष महत्व रखने वाला छठवां बड़ा मंगल 09 जून को पड़ रहा है। इस अवसर पर हनुमान मंदिरों में काफी भीड़ देखी जाती है। भक्त बजरंगबली का विशेष पूजन कर सुख-समृद्धि, आरोग्य और संकटों से मुक्ति की कामना करते हैं। विभिन्न स्थानों पर भंडारों, सुंदरकांड पाठ, हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ और धार्मिक आयोजनों का भी आयोजन किया जाता है।
ऐएसा माना जाता है कि, छठवां बड़ा मंगल श्रद्धा, सेवा और भक्ति का पर्व है। मान्यता है कि इस दिन सच्चे मन से हनुमान जी की आराधना करने पर जीवन के सभी संकट दूर होते हैं और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त होता है। आइए जानते हैं पूजा की विधि और इस दिन का महत्व...
बड़ा मंगल का धार्मिक महत्व
हिंदू धर्म में ज्येष्ठ माह के मंगलवार को बड़ा मंगल या बुढ़वा मंगल कहा जाता है। वहीं तीन साल में एक बार आने वाले अधिक मास में भी बड़ा मंगल का महत्व बताया गया है। मान्यता है कि इस दिन भगवान हनुमान की विधि-विधान से पूजा करने पर सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं तथा जीवन के संकट दूर होते हैं। विशेष रूप से उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बड़ा मंगल अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान हनुमान की कृपा प्राप्त करने के लिए बड़ा मंगल का दिन अत्यंत शुभ माना गया है। इस दिन किए गए दान-पुण्य और सेवा कार्यों का विशेष फल प्राप्त होता है।
छठवें बड़े मंगल की पूजा विधि
- प्रातःकाल स्नान कर स्वच्छ एवं लाल या केसरिया वस्त्र धारण करें।
- पूजा स्थल को साफ कर भगवान राम, माता सीता और हनुमान जी की प्रतिमा या चित्र स्थापित करें।
- हनुमान जी को सिंदूर, चमेली का तेल, लाल फूल और लाल चोला अर्पित करें।
- गुड़-चना, बूंदी के लड्डू या बेसन के लड्डू का भोग लगाएं।
- हनुमान चालीसा, बजरंग बाण और सुंदरकांड का पाठ करें।
- "ॐ हनुमते नमः" मंत्र का कम से कम 108 बार जप करें।
- पूजा के अंत में आरती करें और प्रसाद वितरित करें।
-ज रूरतमंदों को भोजन, जल और वस्त्र का दान करना शुभ माना जाता है।
डिसक्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारी अलग- अलग किताब और अध्ययन के आधार पर दी गई है। bhaskarhindi.com यह दावा नहीं करता कि ये जानकारी पूरी तरह सही है। पूरी और सही जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ (ज्योतिष/वास्तुशास्त्री/ अन्य एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें।
Created On :   8 Jun 2026 7:30 PM IST








