Ratha Saptami 2026: कब है रथ सप्तमी? जानें सही तिथि, महत्व और पूजा विधि

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हिन्दू पंचांग के मुताबिक माघ मास की शुक्ल पक्ष की सप्तमी को रथ सप्तमी के नाम से जाना जाता है। भगवान सूर्य की उपासना का यह पर्व इस वर्ष 25 जनवरी 2026 को यानी कि रविवार को मनाया जा रहा है। इस पर्व में सूर्यदेव की पूजा का विशेष महत्व है। पूरे विधि-विधान से ये पूजा करना सेहत संबंधी सारी परेशानियां दूर करता है। इस दिन सूर्य देव की पूजा-आराधना करने से शुभ फल प्राप्त होता है।
सूर्य सप्तमी के अलावा कई और नामों से भी जाना जाता है, जैसे अचला सप्तमी और आरोग्य सप्तमी। वहीं रविवार को ये तिथि पड़ने पर इसे भानु सप्तमी नाम से जाना जाता है। ये भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना का दिन है। मान्यता है कि इस दिन सूर्यदेव को जल अर्पित करने से शरीर रोगमुक्त हो जाता है।
यह भी पढ़े -बसंत पंचमी पर करें ये आसान उपाय, मां सरस्वती के आशीर्वाद से शिक्षा और करियर में मिलेगी सफलता
पूजा की विधि
सूर्य पूजा में शरीर की शुद्धि का खास महत्व है। इसके लिए स्नान के बाद आक के सात पत्तों को सिर पर रखें और सूर्यदेव का ध्यान करते हुए ये मंत्र पढ़ें- "नमस्ते रुद्ररूपाय रसानां पतये नम:, वरुणाय नमस्तेअस्तु", इसके बाद भगवान को धूप-दीप अर्पित करें। रथ सप्तमी पर तेल और नमकयुक्त भोजन से परहेज करें।
महत्व
इस दिन सूर्य का पूजन सेहत के लिए खास महत्व रखता है। माना जाता है कि जिन्हें कोई भी शारीरिक विकार हो, वे लोग अगर पूरे मन से सूर्यदेव की पूजा करें तो सारे शारीरिक कष्ट दूर हो जाते हैं। सूर्य पूजा विशेषकर चर्मरोगों को दूर करती है। संतान सुख के लिए भी इस दिन सूर्य देव की पूजा की जाती है। ग्रहों के कष्ट दूर करने में भी सूर्य पूजा का महत्व है, इससे ग्रहदोष दूर हो जाते हैं।
यह भी पढ़े -गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहादत वर्षगांठ पर नांदेड़ के लिए दिल्ली-मुंबई और चंडीगढ़ से चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
रथ सप्तमी की कथा
शास्त्रों में उल्लेख है कि भगवान कृष्ण के पुत्र शाम्ब को अपने शारीरिक सौष्ठव पर घमंड हो गया था। इसी गर्व में उन्होंने दुर्वासा ऋषि का अपमान कर दिया। ऋषि के श्राप से शाम्ब को कुष्ठ रोग हो गया। पुत्र को घोर कष्ट में देख कृष्ण जी ने शाम्ब को सूर्य आराधना के लिए कहा। शाम्ब की पूजा से प्रसन्न होकर सूर्यदेव ने उन्हें स्वस्थ होने का आशीर्वाद दिया। तब से इस दिन स्वास्थ्य के लिए भगवान सूर्य की पूजा की जाती है।
डिसक्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारी अलग अलग किताब और अध्ययन के आधार पर दी गई है। bhaskarhindi.com यह दावा नहीं करता कि ये जानकारी पूरी तरह सही है। पूरी और सही जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ (ज्योतिष/वास्तुशास्त्री/ अन्य एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें।
Created On :   23 Jan 2026 8:15 PM IST













