Sawan 2026: इसी महीने में शुरू होगा महादेव का प्रिय महीना सावन, जानिए क्यों खास है यह महीना और इस बार कितने होंगे सोमवार

इसी महीने में शुरू होगा महादेव का प्रिय महीना सावन, जानिए क्यों खास है यह महीना और इस बार कितने होंगे सोमवार
इस महीने में सोमवार का दिन बेहद खास माना जाता है। इस दिन व्रत रखने और पूजा करने का विशेष महत्व होता है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। हिन्दू धर्म में सावन महीने का खास महत्व बताया गया है और इसे एक पवित्र माह के रूप में देखा जाता है। इस पूरे महीने शिव भक्त व्रत रखते हैं और कई तरह के धार्मिक अनुष्ठान होते हैं। सावन के दौरान श्रद्धालु सुबह स्नान कर भगवान शिव की पूजा करते हैं। शिवलिंग पर जल, गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, आक के फूल और भस्म अर्पित की जाती है। कई भक्त रुद्राभिषेक भी कराते हैं।

खास तौर पर इस महीने में सोमवार का दिन बेहद खास माना जाता है। इस दिन व्रत रखने और पूजा करने का विशेष महत्व होता है। मान्यता है कि सावन में सच्ची श्रद्धा से की गई आराधना से भगवान शिव अपने भक्तों पर विशेष कृपा बरसाते हैं। इस साल सावन का महीना 30 जुलाई 2026 से शुरू हो रहा है। इस महीने में कुल कितने सोमवार होंगे और क्या है इसका महत्व? आइए जानते हैं...

30 जुलाई से शुरू होगा सावन

हिंदू पंचांग के अनुसार, साल 2026 में सावन महीने की शुरुआत 30 जुलाई (गुरुवार) से होगी। श्रावण माह की कृष्ण पक्ष प्रतिपदा तिथि 29 जुलाई की रात 8:05 बजे शुरू होगी और 30 जुलाई की रात 9:30 बजे तक रहेगी। उदया तिथि के आधार पर सावन का आरंभ 30 जुलाई से माना जाएगा। यह पवित्र महीना 28 अगस्त को पूर्णिमा के दिन समाप्त होगा। इस बार सावन पूरे 31 दिनों का रहेगा।

कब हैं सावन के चार सोमवार?

पहला सावन सोमवार: 03 अगस्त

दूसरा सावन सोमवार: 10 अगस्त

तीसरा सावन सोमवार: 17 अगस्त

चौथा सावन सोमवार: 24 अगस्त

क्यों खास है सावन का महीना?

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, माता पार्वती ने भगवान शिव को पति रूप में पाने के लिए कठोर तप किया था। उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उन्हें स्वीकार किया। इसलिए सावन में भगवान शिव के साथ माता पार्वती की पूजा भी शुभ मानी जाती है। इसके अलावा शिव पुराण के अनुसार, सावन में भगवान शिव का ध्यान, मंत्र जाप, दान और पूजा करने से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा आती है।

डिसक्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारी अलग अलग किताब और अध्ययन के आधार पर दी गई है। bhaskarhindi.com यह दावा नहीं करता कि ये जानकारी पूरी तरह सही है। पूरी और सही जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ (ज्योतिष/वास्तुशास्त्री/ अन्य एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें।

Created On :   23 July 2026 2:23 PM IST

Tags

Next Story