टी.पी.एस. कॉलेज के प्रधान सहायक मनोज कुमार सिंह को 44 वर्षों की सेवा के बाद भावभीनी विदाई

टी.पी.एस. कॉलेज के प्रधान सहायक मनोज कुमार सिंह को 44 वर्षों की सेवा के बाद भावभीनी विदाई
कुलपति, कुलसचिव और पूर्व प्राचार्य ने सराहा प्रशासनिक योगदान

पटना। टी.पी.एस. कॉलेज के प्रधान सहायक मनोज कुमार सिंह की 44 वर्षों की सेवा के उपरांत सेवानिवृत्ति के अवसर पर महाविद्यालय परिसर में विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. उपेंद्र प्रसाद सिंह, कुलसचिव डॉ. अबू बकर रिजवी तथा महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य डॉ. रामनरेश सिंह ने उनकी सेवाओं और प्रशासनिक योगदान की सराहना की। शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने भी उनकी दीर्घ सेवा यात्रा को याद करते हुए भावभीनी विदाई दी।

समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. तपन कुमार शांडिल्य ने की। मंच संचालन बिहार राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष वेंकटेश कुमार ने किया। कार्यक्रम में पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) राजीव रंजन, महाविद्यालय निरीक्षक प्रो. कृष्णनंदन प्रसाद और गुरु गोविंद सिंह कॉलेज के प्राचार्य प्रो. मनोज कुमार भी उपस्थित रहे।

कुलपति एवं टी.पी.एस. कॉलेज के पूर्व प्राचार्य प्रो. उपेंद्र प्रसाद सिंह ने अपने संबोधन में महाविद्यालय में प्राचार्य के रूप में बिताए कार्यकाल की स्मृतियां साझा कीं। उस दौरान मनोज कुमार सिंह प्रधान सहायक के पद पर कार्यरत थे। प्रो. सिंह ने उनकी कार्यकुशलता, कर्तव्यनिष्ठा और दायित्वों के प्रति प्रतिबद्धता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था के सुचारु संचालन में श्री सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

कुलसचिव डॉ. अबू बकर रिजवी ने भी श्री सिंह के सेवाकाल की सराहना करते हुए महाविद्यालय के प्रशासनिक कार्यों में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने दायित्वों के प्रति उनकी निष्ठा की प्रशंसा की तथा सेवानिवृत्ति के बाद उनके स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की कामना की।

पूर्व प्राचार्य डॉ. रामनरेश सिंह ने अपने प्राचार्य कार्यकाल के दौरान मनोज कुमार सिंह की कार्यकुशलता से जुड़े विभिन्न प्रसंग और संस्मरण साझा किए। उन्होंने प्रशासनिक जिम्मेदारियों के निर्वहन में उनकी सजगता की सराहना की। डॉ. सिंह ने उनके सरल स्वभाव तथा सहयोगपूर्ण व्यवहार का उल्लेख करते हुए महाविद्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था में उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया।

बिहार राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ के महामंत्री रोहित कुमार ने श्री सिंह की साथी कर्मचारियों के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि श्री सिंह अपने आधिकारिक दायित्वों के साथ कर्मचारियों के सहयोग के लिए भी सदैव तत्पर रहे। सहकर्मियों के प्रति उनका आत्मीय व्यवहार प्रेरणादायक रहा है। महासंघ के पाटलिपुत्र प्रक्षेत्र के अध्यक्ष त्रिपुरारी प्रसाद एवं महामंत्री दीपक कुमार सहित राज्य के विभिन्न महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों से जुड़े कर्मचारी और प्रतिनिधि भी समारोह में उपस्थित रहे।

अन्य वक्ताओं ने कहा कि श्री सिंह का 44 वर्षों का सेवाकाल निष्ठा और समर्पण का परिचायक रहा। उन्होंने प्रशासनिक कार्यों के समुचित निष्पादन तथा शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन में उनके सहयोग को याद किया। वक्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि सेवानिवृत्ति के बाद भी महाविद्यालय परिवार के साथ उनका आत्मीय जुड़ाव बना रहेगा।

इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी एवं टी.एस. कॉलेज, हिसुआ से संबद्ध श्रीमती किरण शर्मा उपस्थित रहीं। इसी कॉलेज से सच्चिदानंद मिश्र, अनिल कुमार, शैलेंद्र कुमार, अजय कुमार एवं मनोज कुमार ने भी समारोह में भाग लिया।

कार्यक्रम में टी.पी.एस. कॉलेज के कुमार अमिताभ, अम्बरीश कुमार एवं मृत्युंजय कुमार सहित शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित रहे। छात्र नेता शिवम पराशर, अंकित तिवारी एवं अंकित भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी शामिल हुए। अंत में मनोज कुमार सिंह को सम्मानित कर उनके स्वस्थ, सुखमय एवं आनंदमय जीवन की कामना की गई। सेवाकाल के संस्मरणों और विदाई के भावुक क्षणों ने समारोह को आत्मीय बना दिया।

Created On :  

Next Story