जबलपुर न्यूज: आर्टस कॉलेज में साइंस के टीचर नहीं, छात्रों ने जताया विरोध

छात्रों का कहना था कि जब कॉलेज के पास संसाधन नहीं थे तो विषय क्यों शुरू किया गया।

डिजिटल डेस्क जबलपुर

महाकोशल कॉलेज में साइंस विषय के प्राध्यापकों की कमी और अन्य मामलों को लेकर विद्यार्थियों ने जमकर प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना था कि जब कॉलेज के पास संसाधन नहीं थे तो विषय क्यों शुरू किया गया।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज परिसर में प्रदर्शन करते हुए मांग की है कि. विषय परिवर्तन पोर्टल तत्काल खोला जाए। प्रवेश के समय अनेक विद्यार्थियों को उनकी रुचि एवं प्राथमिकता के अनुरूप विषय नहीं मिल पाए। विषय परिवर्तन के लिए प्रयास करने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े इस गंभीर विषय पर अब और विलंब नहीं होना चाहिए। उच्च शिक्षा विभाग से समन्वय स्थापित कर विषय परिवर्तन पोर्टल कुछ दिनों के लिए तत्काल खोला जाए। बी.एससी. के सभी संबंधित विषयों में पर्याप्त प्राध्यापक नियुक्त किए जाएं।

प्राध्यापकों की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होना और उन्हें दूसरे महाविद्यालयों में अध्ययन के लिए जाना पड़ना गंभीर विषय है। जब विद्यार्थी अपने महाविद्यालय में प्रवेश लेते हैं, तो उन्हें यहीं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलनी चाहिए। अतः रिक्त पदों की पूर्ति के लिए तत्काल कार्रवाई की जाए और नियुक्ति की प्रक्रिया की स्थिति विद्यार्थियों को बताई जाए।

महाविद्यालय की बसों की संख्या में तत्काल वृद्धि की जाए। परिषद के कृष्णा गवालवंश और अंकित सिंह ने कहा कि केवल दो बसों के कारण विद्यार्थियों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। जिन विद्यार्थियों के पास आने-जाने का अन्य साधन नहीं है, उनकी परेशानी को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। विद्यार्थियों की संख्या और आवश्यकता के अनुसार बसों की संख्या बढ़ाई जाए तथा इस संबंध में स्पष्ट कार्ययोजना प्रस्तुत की जाए। इसी प्रकार. विद्युत समस्या का स्थायी समाधान करते हुए जनरेटर लगाया जाए।

इस विषय पर पूर्व में दो ज्ञापन दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद समस्या के समाधान की मांग आज भी बनी हुई है। आखिर विद्यार्थियों को एक ही समस्या के लिए बार-बार ज्ञापन देने की आवश्यकता क्यों पड़ रही है? महाविद्यालय में जनरेटर की व्यवस्था तत्काल की जाए तथा पूर्व में दिए गए ज्ञापनों पर हुई कार्रवाई का स्पष्ट विवरण दिया जाए। प्राचार्य ने जल्द ही मांगे पूरी करने का आश्वासन दिया है।


Created On :  

Tags

Next Story