Song Controversy: ‘मिर्जापुर द मूवी’ के गाने ‘शूरवीर’ पर विवाद, म्यूजिक लेबल ने कहा- फिल्म के पास था लाइसेंस

‘मिर्जापुर द मूवी’ के गाने ‘शूरवीर’ पर विवाद, म्यूजिक लेबल ने कहा- फिल्म के पास था लाइसेंस
थिएटर में रिलीज के साथ ही मिर्जापुर: द मूवी दर्शकों के बीच चर्चा में है। हालांकि, फिल्म के एक गाने को लेकर सोशल मीडिया पर कॉपीराइट विवाद खड़ा हो गया। फिल्म में इस्तेमाल किए गए लोकप्रिय राजस्थानी फोक-फ्यूजन ट्रैक ‘शूरवीर’ को लेकर सवाल उठे कि क्या निर्माताओं ने इसे बिना अनुमति फिल्म में शामिल किया है।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। थिएटर में रिलीज के साथ ही मिर्जापुर: द मूवी दर्शकों के बीच चर्चा में है। हालांकि, फिल्म के एक गाने को लेकर सोशल मीडिया पर कॉपीराइट विवाद खड़ा हो गया। फिल्म में इस्तेमाल किए गए लोकप्रिय राजस्थानी फोक-फ्यूजन ट्रैक ‘शूरवीर’ को लेकर सवाल उठे कि क्या निर्माताओं ने इसे बिना अनुमति फिल्म में शामिल किया है। अब गाने के मूल म्यूजिक लेबल ट्रूपर रिकॉर्ड्स ने आधिकारिक बयान जारी कर विवाद पर स्थिति स्पष्ट कर दी है। ट्रूपर रिकॉर्ड्स ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि ‘शूरवीर’ के फिल्म में इस्तेमाल के लिए एक्सेल एंटरटेनमेंट को बाकायदा आधिकारिक इन-फिल्म लाइसेंस दिया गया था।

लेबल ने कहा कि फिल्म में गाने का इस्तेमाल पूरी तरह कानूनी है। साथ ही कंपनी ने एक्सेल एंटरटेनमेंट और ‘मिर्जापुर’ की पूरी टीम को फिल्म की रिलीज के लिए बधाई भी दी। दरअसल, ‘शूरवीर’ राजस्थान का लोकप्रिय फोक-फ्यूजन ट्रैक है। इसे रैपरिया बालम ने कंपोज करने के साथ अपनी आवाज दी है, जबकि इसके बोल रजनीश जयपुरी ने लिखे हैं। फिल्म में गाना सुनाई देने के बाद रैपरिया बालम ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने दावा किया था कि फिल्म में उनके गाने का इस्तेमाल उनकी जानकारी या अनुमति के बिना किया गया है। उन्होंने एक पोस्ट में स्वतंत्र कलाकारों की मेहनत और उनके अधिकारों को लेकर भी सवाल उठाए थे।

म्यूजिक लेबल ने साफ किया मामला

विवाद बढ़ने के बाद गाने के प्रोड्यूसर हनी ट्रूपर और ट्रूपर रिकॉर्ड्स ने सोशल मीडिया पर स्पष्टीकरण जारी किया। लेबल ने बताया कि ‘शूरवीर’ को आधिकारिक तौर पर ‘मिर्जापुर: द मूवी’ में इस्तेमाल करने के लिए एक्सेल एंटरटेनमेंट को लाइसेंस दिया गया था। पोस्ट में गाने के मूल क्रिएटर रैपरिया बालम, गीतकार रजनीश जयपुरी और डिस्ट्रीब्यूशन पार्टनर को भी क्रेडिट दिया गया।

क्यों होते हैं संगीत कॉपीराइट पर विवाद ?

म्यूजिक इंडस्ट्री में अक्सर कॉपीराइट और स्वामित्व का ढांचा जटिल होता है। कई मामलों में कलाकार अपने गाने के अधिकार म्यूजिक लेबल को सौंप देते हैं। ऐसे में फिल्म निर्माता गाने के इस्तेमाल के लिए सीधे संबंधित लेबल से लाइसेंस लेते हैं। संभवतः ‘शूरवीर’ के मामले में भी यही व्यवस्था रही, जिसकी जानकारी बाद में सामने आई।

Created On :   7 Sept 2026 6:13 PM IST

Tags

Next Story