Mahakavya Shri Ramayan Katha: राम जी की सेना’ में दिखी वानर सेना की भक्ति और शक्ति, 25 सितंबर को रिलीज होगी ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’

Digital Desk | डिजिटल डेस्क, मुंबई। रामायण के महत्वपूर्ण अध्याय को बड़े पर्दे पर पेश करने जा रही फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ का दूसरा गीत ‘राम जी की सेना’ रिलीज हो गया है। अंजलि अरोड़ा और देव शर्मा स्टारर इस फिल्म के पहले गीत ‘सिया राम’ के बाद यह नया गाना भगवान श्रीराम की वानर सेना की भक्ति, साहस और सामूहिक शक्ति को सामने लाता है। गीत में वानर सेना के लंका की ओर प्रस्थान से लेकर रामसेतु निर्माण तक के प्रसंग को भक्ति और जोश के साथ दिखाया गया है। ‘राम जी की सेना चली’ की ऊर्जावान पंक्ति पूरे गीत में उत्साह पैदा करती है, वहीं राम नाम की महिमा से जुड़ी पंक्तियां इसके आध्यात्मिक पक्ष को मजबूत करती हैं। जहां फिल्म का पहला गीत ‘सिया राम’ श्रीराम और माता सीता के प्रेम और भक्ति पर केंद्रित था, वहीं ‘राम जी की सेना’ में श्रीराम के साथ खड़ी वानर सेना की एकता, विश्वास और धर्म की स्थापना के संकल्प को प्रमुखता दी गई है। रामसेतु निर्माण के प्रसंग के जरिए भगवान राम के नाम और उनकी शक्ति में आस्था को भी दर्शाया गया है।
यह भी पढ़े -अनुपम खेर ने श्री अष्टलक्ष्मी मंदिर जाकर की पूजा, 90 फीट ऊंची हनुमान प्रतिमा देख हुए भावुक
हिंदी और छत्तीसगढ़ी में अलग-अलग शूटिंग
फिल्म की खासियत यह है कि इसे हिंदी के साथ-साथ छत्तीसगढ़ी भाषा में भी शूट किया गया है। मेकर्स ने हिंदी संस्करण को केवल डब करके छत्तीसगढ़ी रूप नहीं दिया, बल्कि दोनों भाषाओं के लिए फिल्म और गानों की शूटिंग अलग-अलग की है। इसका उद्देश्य दोनों भाषाओं की सांस्कृतिक और भाषाई पहचान को बनाए रखना है। फिल्म 25 सितंबर 2026 को हिंदी और छत्तीसगढ़ी में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
चित्रकूट और बस्तर में हुई शूटिंग
फिल्म के कई महत्वपूर्ण दृश्य चित्रकूट और बस्तर में प्राकृतिक लोकेशंस पर फिल्माए गए हैं। मेकर्स ने ऐसे स्थानों को प्राथमिकता दी, जिन्हें परंपरागत रूप से श्रीराम और माता सीता की वनवास यात्रा से जोड़ा जाता है। इससे कहानी को वास्तविक और भावनात्मक वातावरण देने की कोशिश की गई है। फिल्म में श्रीराम की भूमिका निभा रहे देव शर्मा ने ‘राम जी की सेना’ को सामूहिक आस्था और शक्ति का प्रतीक बताया है। वहीं हनुमान की भूमिका निभा रहे निर्भय वाधवा के मुताबिक, हनुमान जी के लिए श्रीराम की भक्ति ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है और गीत इसी भावना को दर्शाता है।
यह भी पढ़े -फिल्म में डरावने, लेकिन असल जिंदगी में बेहद अच्छे थे शाहरुख खान, ‘अंजाम’ की पिंकी ने सुनाया किस्सा
फरहाद और सुनील सोनी ने दी आवाज
गीत के हिंदी संस्करण को फरहाद भिवंडीवाला और छत्तीसगढ़ी संस्करण को सुनील सोनी ने आवाज दी है। संगीत आशीष डोनाल्ड और देव चौहान ने तैयार किया है, जबकि गीत के बोल जयदेव जोनवाल ने लिखे हैं। कोरियोग्राफी हेमांशु कुमार ने की है। फिल्म में देव शर्मा श्रीराम, अंजलि अरोड़ा सीता, शील वर्मा लक्ष्मण, निर्भय वाधवा हनुमान और रजनीश दुग्गल रावण की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन अभिषेक सिंह ने किया है। निर्माण प्रकाश महोबिया और संजय बुंदेला ने किया है। ‘राम जी की सेना’ के रिलीज होने के साथ फिल्म की संगीत यात्रा भी आगे बढ़ी है, जो रामायण के अलग-अलग भावों को दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश कर रही है।
Created On :   6 Sept 2026 3:21 PM IST












