The Revolutionaries Series: बॉक्स ऑफिस नहीं रहा पहले जैसा, इतिहास को कुरेदती ‘द रेवोल्यूशनरीज’ -निखिल आडवाणी

Digital Desk | डिजिटल डेस्क, मुंबई। निखिल आडवाणी की निर्देशित वेब सीरीज ‘द रेवोल्यूशनरीज’ आजादी की लड़ाई के उस दौर की कहानी लेकर आ रही है, जिसे इतिहास के पन्नों में अपेक्षाकृत कम जगह मिली। 1912 के दौर पर आधारित यह सीरीज उन युवा क्रांतिकारियों की कहानी दिखाती है, जो देश को अंग्रेजी हुकूमत से आजाद कराने के लिए अपना सब कुछ दांव पर लगाने को तैयार थे। सीरीज में भुवन बाम, रोहित सराफ, प्रतिभा रांटा और गुरफतेह पीरजादा जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ‘द रेवोल्यूशनरीज’ का प्रीमियर 11 सितंबर 2026 को प्राइम वीडियो पर होने जा रहा है। इस सीरीज, सिनेमा में बदलते दौर और नई पीढ़ी की पसंद-नापसंद को लेकर निर्देशक निखिल आडवाणी ने दैनिक भास्कर से खुलकर बातचीत की।
1912 के युवाओं की सच्ची कहानी
‘द रेवोल्यूशनरीज’ में 1857 के 60 साल बाद 1912 की कहानी हम दिखा रहे हैं। यह उन युवाओं की कहानी है जो मंगल पांडे, रानी लक्ष्मीबाई, तात्या टोपे और नाना फडणवीस की कहानियां सुनकर बड़े हो रहे थे और देश को आजाद कराने का जज्बा इनकी रगों में दौड़ रहा था। इनके हाथों में बंदूकें थीं क्योंकि महात्मा गांधी का अहिंसा वाला कांसेप्ट साल 1920 के बाद आया था। यह सब भी अपने जमाने के गरम खून के युवा थे और सब देश के लिए लड़ रहे थे। आजादी की यह सब कहानियां राजनीतिक उठापठक में कहीं ना कहीं दब सी गयी हैं जिनके बारे में बताना मुझे जरूरी लगा। फ्रीडम एट मिडनाइट के जो हीरो थे जैसे गांधीजी , नेहरूजी, उनके बारे में सभी जानते हैं लेकिन इनके बारे में बहुत कम जानते हैं या ज्यादातर तो बिलकुल नहीं जानते।
सीरीज को बनाया कमर्शियल तरीके से
मुझे इनके बारे में रिसर्च करने में काफी समय लग गया क्योंकि हमारे तीहै में इन युवा क्रांतिकारियों के बारे में बहुत कम जानकारी है जबकि यह अपने देश के लिए मरने मारने को तैयार थे इसक साथ ही मुझे ओटीटी के लिए एक कुछ कमर्शियल जैसा या मासी कंटेंट बनाना था इसलिए मैंने इस कहानी को चुना। इस सीरीज में 9 गाने हैं जो अक्सर बड़े परदे की फिल्मों में रखे जाते हैं। आप कह सकती हैं कि शायद मैं बिग स्क्रीन मिस कर रहा हूं इसलिए मैंने इस सीरीज को बिलकुल कमर्शियल अंदाज में बनाया है। मैं अपनी सारी भड़ास इस सीरीज में निकाल रहा हूं।
यह भी पढ़े -जन्माष्टमी पर मुग्धा वीरा गोडसे ने बताया आध्यात्मिक यात्रा का राज, बोलीं- 'अध्यात्म और ग्लैमर साथ-साथ चल सकते हैं'
अपने इतिहास को कुरेदने की जरुरत
मैं यह सारे शो इसलिए नहीं बना रहा हूं कि हमारी जेनजी पीढ़ी को यह सब बताने की जरुरत है बल्कि यह मैं अपना इतिहास सही और बेहतर जानने के लिए बना रहा हूं। मुझे इसकी प्रेरणा फ्रीडम एट मिडनाइट से मिली। शोर देखने के बाद मुझे काफी लोगों ने कहा कि इससे पहले वह यह सच्चाइयां जानते ही नहीं थे। तब मुझे लगा कि मुझे और इतिहास के कुछ और अनजाने मुद्दों को कुरेदन चाहिए जिससे मैं सबको सच्ची घटनाओं से रूबरू करवा सकूं।
जेनजी सब कुछ खुद सीख लेते हैं
आज के जेनजी को हम ज्यादा ज्ञान नहीं दे सकते वह पहले से ही बहुत स्मार्ट हैं। मेरी बेटी 20 साल की है लेकिन उसे सब पता है। यह बच्चे जो पता करना चाहते हैं वह हमारे सिखाने का इंतजार नहीं करते। सब कुछ पहले ही सीख लेते हैं। मेरी बेटी कब खुद से कई चीजे सीखकर यूट्यूब से सीखकर आर्टिस्ट बन गयी मुझे पता ही नहीं चला। मैं उसकी इस तेज बुद्धिमत्ता पर गर्व करता हूं। नए आर्ट, जैसे नेल आर्ट कह लीजिये उसे सब आता है। हम उसकी उम्र में बिलकुल क्लूलेस थे।
यह भी पढ़े -राकेश रोशन ने अपनी काबिलियत से दर्शकों पर छोड़ी अमिट छाप, फिल्म 'खुदगर्ज' ने तोड़ा था दिल
महंगे बजट मेरी सोच से बाहर
एक समय था जब मैं बड़े परदे के लिए रोमांटिक ‘कल हो ना हो’, ‘सलाम-ए-इश्क’, जैसी कई फिल्में बना चुका था लेकिन अब क्या मुझे फिल्में बनानी चाहिए इसको लेकर मैं कन्फ्यूज हूं। पहले लोग 100, 500 , या 1000 करोड़ का राग अलापना बंद करे तब अच्छी फिल्में बन सकती हैं लेकिन आज थिएटर में आपको अच्छी कहानियां नहीं, कौन सी फिल्म कितने बजट में बनीं इसका शोर ज्यादा सुनाई देता है। आखिर कहां खर्च होते इतने पैसे? मुझे इतने पैसों का गणित ही समझ नहीं आता इसलिए मैंने निराश होकर फिल्म बनाना ही छोड़ दिया।
लौटूंगा फिल्मों की तरफ
मैं उस समय में लौटना चाहता हूं जब रोमांटिक फिल्में बड़े परदे पर जादू चलाती थी। आज भी मैं किसी भी शादी में जाता हूं तो लोग 90 के दशक के ‘कल हो ना हो’, ‘सलाम-ए-इश्क,‘पटियाला हाउस’ के गाने लगाकर आज भी नाचते हैं। उन्हें देखकर मुझे उम्मीद जगती है वह दौर जरूर आएगा जब फिल्म मेकर बजट छोड़कर कहानी और भावनाओ पर काम करेंगे। उस दिन मैं भी फिल्में बनाने लगूंगा। इसका मतलब साफ है आपको समय में पीछे लौटने की जरुरत है।
Created On :   5 Sept 2026 8:00 PM IST












