Upcoming Series: परिणीति चोपड़ा करने जा रही सीरीज डेब्यू, ‘शक’ में मां बनकर तलाशेगीं अपना बच्चा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। एक मां अपने लापता बच्चे को नौ साल से तलाश रही है, लेकिन जब उसकी तलाश सच के करीब पहुंचती है तो कहानी ऐसे रहस्य में बदल जाती है, जहां किसी पर भरोसा करना आसान नहीं। नेटफ्लिक्स की मिस्ट्री थ्रिलर सीरीज ‘शक: ट्रस्ट नो वन’ 24 सितंबर को रिलीज होगी। रेंसिल डिसिल्वा और सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा द्वारा बनाई गई इस सीरीज का निर्देशन रेंसिल डिसिल्वा ने किया है और इसके जरिए परिनीति चोपड़ा सीरीज में डेब्यू कर रही हैं। वह एक ऐसी मां की भूमिका में नजर आएंगी, जो नौ साल से अपने बच्चे को खोजने के लिए हर संभव कोशिश कर रही है।
यह भी पढ़े -सुकेश के मकोका मामले में जैकलीन फर्नांडिस को आरोपी बनाने की मांग, अर्जी पर कोर्ट ने दिल्ली पुलिस से मांगा जवाब
हालांकि, जैसे-जैसे उसे कुछ जवाब मिलने शुरू होते हैं, उसके सामने सबसे बड़ा सवाल खड़ा होता है कि क्या वह अपने सबसे करीबी लोगों पर भी भरोसा कर सकती है। सीरीज भरोसे और शक, मां की सहज समझ और सामने दिख रहे सच के बीच की उलझन को दिखाती है, जहां हर किरदार अपने संघर्ष और छिपे राज के साथ कहानी को आगे बढ़ाता है। निर्माता सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा के मुताबिक, इसमें भावनात्मक कहानी, जटिल रिश्ते, अप्रत्याशित मोड़ और लगातार बना रहने वाला रोमांच देखने को मिलेगा। वहीं निर्देशक रेंसिल डिसिल्वा ने इसे अनिश्चितता पर आधारित थ्रिलर बताया है, जिसमें हर खुलासा एक नया सवाल खड़ा करेगा। परिनीति के साथ सोनी राजदान, अनुप सोनी, जेनिफर विंगेट, ताहिर राज भसीन, हारलीन सेठी, ध्रुव चौधरी और सुमीत व्यास भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। सीरीज की कहानी दर्शकों को लगातार यह सोचने पर मजबूर करेगी कि आखिर सच क्या है और किस पर भरोसा किया जा सकता है।
Created On :   7 Sept 2026 6:39 PM IST












