Sulakshana Pandit Death: 9 साल की उम्र में गाना किया शुरू, लता, किशोर रफी के साथ डुइट गाए गाने, संजीव कुमार ने इनकार किया तो उम्रभर नहीं की शादी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। दिग्गज गायिका और अभिनेत्री सुलक्षणा पंडित ने 71 वर्ष की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। सुलक्षणा के भाई व म्यूजिक डायरेक्टर ललित पंडित ने उनके निधन की पुष्टि की है। सुलक्षणा पंडित मशहूर गायिका होने के साथ-साथ एक्ट्रेस भी थीं। उन्होंने कई चर्चित फिल्मों में अपनी अदाकारी से लोगों का दिल जीता। सुलक्षणा पंडित का मुंबई में गुरुवार शाम 7 बजे निधन हो गया। उनका निधन हार्ट अटैक के कारण हुआ। वे काफी समय से बीमार थीं। सुलक्षणा पंडित ने मुंबई के नानावटी अस्पताल में आखिरी सांस ली।
9 साल की उम्र में गाना किया शुरू
सुलक्षणा पंडित का जन्म 12 जुलाई 1954 को हुआ था। वह एक संगीत से जुड़े परिवार से थीं। उनके चाचा महान शास्त्रीय गायक पंडित जसराज थे। उनके तीन भाई और तीन बहनें थीं। भाइयों में जतिन और ललित मशहूर म्यूजिक डायरेक्टर हैं। वहीं, उनकी बहन विजयता पंडित एक एक्ट्रेस और गायिका हैं। उन्होंने मात्र 9 साल की उम्र में गाना शुरू कर दिया था। सुलक्षणा ने 1975 में फिल्म 'उलझन' से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसमें उनके साथ संजीव कुमार थे।
लता, किशोर रफी के साथ गाए गाने
1967 की फिल्म 'तकदीर' में उन्होंने लता मंगेशकर के साथ मशहूर गीत 'सात समुंदर पार से' गाया था। साल 1975 में फिल्म 'संकल्प' के गाने 'तू ही सागर है तू ही किनारा' के लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला। उन्होंने किशोर कुमार, मोहम्मद रफी, येशुदास और उदित नारायण जैसे गायकों के साथ डुइट गाए। 1980 में उनका एल्बम 'जज्बात' रिलीज हुआ, जिसमें उन्होंने गजलें गाईं। 1986 में उन्होंने लंदन के रॉयल अल्बर्ट हॉल में फेस्टिवल ऑफ इंडियन म्यूजिक में भी प्रस्तुति दी। उनकी आवाज आखिरी बार 1996 की फिल्म 'खामोशी: द म्यूजिकल' के गाने 'सागर किनारे भी दो दिल' में सुनाई दी, जिसे उनके भाइयों जतिन-ललित ने कंपोज किया था।
बड़े-बड़े सितारों के साथ किया काम
'उलझन' फिल्म से सुलक्षणा का एक्टिंग सफर शुरू हुआ। उन्होंने राजेश खन्ना, जितेंद्र, विनोद खन्ना, शशि कपूर और शत्रुघ्न सिन्हा जैसे बड़े सितारों के साथ काम किया था। उनकी पॉपुलर फिल्मों में 'चेहरे पे चेहरा', 'धर्म कांटा' 'हेरा फेरी', 'अपनापन', 'खानदान', और 'वक्त की दीवार' शामिल हैं।
संजीव कुमार के इनकार के बाद नहीं की शादी
एक्टर संजीव कुमार के साथ उनके अधूरे रिश्ते भी काफी चर्चा में रहा। आगे चलकर उन्हें सेहत और आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कहा जाता है कि सुलक्षणा पंडित, एक्टर संजीव कुमार से बेहद प्यार करती थीं। 1975 में फिल्म 'उलझन' की शूटिंग के दौरान उनका प्यार परवान चढ़ा और उन्होंने संजीव कुमार के सामने शादी के लिए प्रपोज किया। लेकिन संजीव कुमार ने उनको ना कर दिया। इसका कारण था संजीव का हेमा मालिनी के लिए एकतरफा प्यार। संजीव कुमार हेमा मालिनी से शादी करना चाहते थे, लेकिन हेमा ने उनका प्रस्ताव ठुकरा दिया था। संजीव कुमार के इनकार के बाद सुलक्षणा पंडित टूट गईं। उन्होंने आजीवन अविवाहित रहने का फैसला किया। इतेफाक की बात तो ये है कि, संजीव कुमार का निधन भी 6 नवंबर को हुआ था। उन्होंने साल 1985 में दुनिया छोड़ी थी और ठीक 40 साल बाद, इसी दिन सुलक्षणा पंडित का भी निधन हुआ है।
Created On :   7 Nov 2025 10:38 AM IST












