IFFM 2026: पंकज त्रिपाठी इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न में होंगे सम्मानित, दिया जाएगा यह खास अवॉर्ड

पंकज त्रिपाठी इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न में होंगे सम्मानित, दिया जाएगा यह खास अवॉर्ड
इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न (IFFM) ऑस्ट्रेलिया में आयोजित होने वाला भारतीय सिनेमा का सबसे बड़ा इवेंट है। इसकी स्थापना साल 2010 में हुई थी। यहां पर हर साल 30 से अधिक भाषाओं में बनी 130 से अधिक बेहतरीन और चुनिंदा फिल्मों का प्रीमियर व प्रदर्शन किया जाता है।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न (IFFM) ऑस्ट्रेलिया में आयोजित होने वाला भारतीय सिनेमा का सबसे बड़ा इवेंट है। इसकी स्थापना साल 2010 में हुई थी। यहां पर हर साल 30 से अधिक भाषाओं में बनी 130 से अधिक बेहतरीन और चुनिंदा फिल्मों का प्रीमियर व प्रदर्शन किया जाता है। इस बार ये इसका आयोजन 3 से 23 अगस्त 2026 तक होने वाला है। जिसमें कई सारी फिल्मों के प्रीमियर के साथ कई सारे खास अवॉर्ड भी मिलने वाले हैं। इस इवेंट में पंकज त्रिपाठी को इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न (IFFM) 2026 में प्रतिष्ठित 'आर्टिस्ट ऑफ डिस्टिंक्शन' सम्मान मिलने वाला है। यह सम्मान भारतीय सिनेमा में उनके बेहतरीन योगदान के लिए दिया जा रहा है।

सम्मान को लेकर क्या बोले पंकज त्रिपाठी?

यह एक खास मौका होगा, जब नेशनल अवॉर्ड जीतने वाले एक्टर इस फेस्टिवल में शामिल होंगे और ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में खुद यह सम्मान लेंगे। इस सम्मान को लेकर पंकज त्रिपाठी ने कहा, 'इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न में 'आर्टिस्ट ऑफ डिस्टिंक्शन' सम्मान मिलना मेरे लिए बहुत गर्व की बात है। एक एक्टर के तौर पर मेरा हमेशा से मानना रहा है कि कहानियों में भाषा या भूगोल की सीमाओं से परे जाकर दिलों को जोड़ने और लोगों को करीब लाने की कमाल की ताकत होती है। IFFM जैसे इंटरनेशनल मंच पर मेरे सफर को पहचान मिलना वाकई बहुत खास और बहुत मायने रखने वाला है'।

अभिनेता ने आगे कहा, 'मेरे करियर का हर अहम पड़ाव फिल्ममेकर्स, लेखकों, निर्देशकों, साथी कलाकारों, टेक्नीशियन्स और सबसे बढ़कर दर्शकों के भरोसे और सहयोग की वजह से ही मुमकिन हो पाया है, जिन्होंने मेरे काम को इतने प्यार से अपनाया है। यह सम्मान जितना मेरा है, उतना ही उनका भी है। बिहार के एक छोटे से गांव से आने के बाद, मैंने कभी नहीं सोचा था कि जिन कहानियों का मैं हिस्सा बनूंगा, वे एक दिन दुनियाभर में पहुंचेंगी। उन्हें इस तरह सराहा जाएगा'। 'इस सम्मान को और भी यादगार बनाने वाली बात यह है कि मैं पहली बार खुद इस फेस्टिवल में शामिल हो रहा हूं। इस सम्मान के लिए मैं 'इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न' का दिल से शुक्रिया अदा करता हूं। यह एक ऐसी चीज है, जिसे मैं हमेशा याद रखूंगा'।

Created On :   28 July 2026 12:46 PM IST

Tags

Next Story